देवास में पिछले चार पांच दिनों से चल रही तमाम अटकलों को विराम लगाते हुए भाजपा ने मंगलवार दोपहर को गीता दुर्गेश अग्रवाल को नगर निगम के महापौर पद के लिए प्रत्याशी घोषित कर दिया। एक दिन पहले तक पूजा रवि जैन का नाम लगभग तय माना जा रहा था लेकिन ऐन वक्त पर पार्टी ने उनकी बजाए विधायक गायत्री राजे पवार के करीबी माने जाने वाले दुर्गेश अग्रवाल की पत्नी गीता अग्रवाल के नाम पर मुहर लगा दी।गौरतलब है कि कांग्रेस ने ब्राह्मण समाज की महिला को देवास से महापौर प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतारा है। इसके बाद से ही भाजपा के सामने टिकट को लेकर घुमासन चल रहा था। ब्राह्मण समाज के साथ ही विधायक के करीबी कई लोग महापौर का टिकट प्राप्त करने के लिए जोड़-तोड़ में लगे थे। पार्टी ने ऐन वक्त पर टिकट बदलकर सबको चौंका दिया और विधायक के करीबी दुर्गेश अग्रवाल की पत्नी को टिकट दिया गया। दुर्गेश अग्रवाल प्रदेश के पूर्व मंत्री स्व. तुकोजीराव पवार के समय से भाजपा से जुड़े हुए है और पैलेस के खास समर्थक माने जाते है। वे पूर्व देविप्रा उपाध्यक्ष, भाजपा के जिला महामंत्री भी रहे है। अग्रवान की पत्नी गीता गृहिणी है और पहली बार चुनावी मैदान में है। 49 वर्षीय गीता 11वीं तक शिक्षित है।

Comments are closed.