कोटा: पिकनिक स्पॉट पाड़ाझर पर फंसे लोग, रेस्क्यू कर निकालाकोटा के पास रावतभाटा स्थित पाड़ाझर पिकनिक स्पॉट पर पिकनिक मनाने गए 6 लोग शुक्रवार देर रात फंस गए। सूचना मिलने के बाद कोटा से नगर निगम की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और देर रात 12 बजे बाद रेस्क्यू ऑपरेशन कंप्लीट कर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दरअसल पिकनिक स्पॉट से बाहर निकलने वाले रास्ते पर नाले में पानी का उफान आ जाने की वजह से यह सभी लोग वहां फंस गए थे।मुख्य अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास ने बताया कि कोटा के शिवपुरा से 6 दोस्त प्रहलाद गुर्जर, अजय मराठा, पुष्कर राज कुशवाहा, सत्यनारायण कुशवाह, तेजराज सिंह, महेन्द्र महावर पिकनिक मनाने गए थे। तेज बारिश के बाद शाम को वहां से गुजर रहे नाले में पानी का बहाव तेज हो गया। बहाव को देखते हुए सभी दोस्त वहां रुक गए। लेकिन पानी का बहाव कम नहीं हुआ और ज्यादा तेज होता गया। जिसके बाद सत्यनारायण ने फोन कर मुख्य अग्निशमन अधिकारी को मामले की जानकारी दी।उन्होंने पुलिस को भी सूचना की और कोटा से रेस्क्यू टीम रवाना की गई। सूचना मिलने के बाद रावतभाटा पुलिस बल भी मौके पर पहुंचे और आसपास के ग्रामीण लोग भी मौके पर पहुंच गए। कोटा से नगर निगम की रेस्क्यू टीम भी मौके पर पहुंची।रेस्क्यू टीम ने दोनों छोर पर रस्सियां पहुंचाई और इसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। रेस्क्यू टीम के सदस्यों ने एक-एक कर सभी छह लोगों को पानी के बहाव के बीच से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू टीम के अनुसार नाले में 5 फुट ऊपर तक पानी निकल रहा था। इस पिकनिक स्पॉट पर हर साल नाला उफान पर आने की वजह से लोग फंसते हैं।


Comments are closed.