लुधियाना: पंजाब के शहर लुधियाना में आज सुबह से ही तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बुधवार देर रात से ही आसमान में बादल छाए हैं। सुबह ठंडी हवाओं के झोंके ने लोगों को गर्मी से राहत दी। जिले के बाहरी इलाकों में देर रात हल्की बारिश भी हुई। इससे पारा लुढ़का और लोगों ने राहत की सांस ली।पिछले 3 दिन से शहर में गर्मी इतनी अधिक थी कि तापमान 45 डिग्री तक जा पहुंचा चुका था। आज सुबह तापमान 30 डिग्री रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, आज अधिकतम तापमान 41 डिग्री तक जाएगा, लेकिन बादल 5 से 6 दिन रहने वाले हैं। बारिश होते रहने के आसार हैं।शहर में गर्मी के तीखे तेवरों के बीच गुरुवार को मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। मौसम ठंडा होने के कारण पार्कों में सैर करने वाले लोगों की चहल-कदमी भी पहले से ज्यादा नजर आई। खेतीबाड़ी माहिरों के मुताबिक, यदि समय रहते सही से बारिश होती है तो किसानों को काफी राहत मिलेगी।बारिश का मौसम बनने और तेज हवाओं के कारण शहर में कई जगह बिजली भी गुल रही, लेकिन हीट वेव से सुबह- शाम के समय घरों-दफ्तरों से आने-जाने वाले लोगों को राहत मिलेगी। बता दें कि बठिंडा, मोगा, फिरोजपुर, फाजिल्का इन इलाकों में आज बादल नहीं छाए, लेकिन मौसम में ठंडक है।वहीं आज सुबह का अमृतसर में तापमान 32 डिग्री, जालंधर का 33 डिग्री है, लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ेगा, तापमान 39 डिग्री तक ही जाएगा। वहीं पटियाला में अभी तापमान 32 डिग्री, मोगा 33 डिग्री, बठिंडा का 34 डिग्री, फिरोजपुर 35 डिग्री, फाजिल्का का तापमान 34 डिग्री है।

Comments are closed.