फरीदकोट में हादसा:ट्यूशन से लौट रहे दो छात्रों की बाइक सैन्य वाहन से टकराई, दोनों की जान गई – Two Students Died In Accident In Faridkot
फरीदकोट के सादिक रोड पर सोमवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो छात्रों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान गांव झोटीवाला निवासी हरसांझ सिंह (17) और धीरज (17) के रूप में हुई है। दोनों 12वीं कक्षा के छात्र थे और फरीदकोट शहर से ट्यूशन पढ़कर बाइक से अपने गांव लौट रहे थे।
जानकारी के मुताबिक हरसांझ सिंह अपने गांव के ननिहाल में रह रहे अपने साथी धीरज के साथ रोजाना फरीदकोट पढ़ने आता था। सोमवार शाम भी दोनों पढ़ाई के बाद गांव वापस जा रहे थे। जैसे ही वे सादिक रोड पर छावनी गेट के पास पहुंचे, सामने से आ रहा एक सैन्य ट्रक अचानक छावनी गेट की ओर मुड़ गया। इसी दौरान उनकी बाइक ट्रक की चपेट में आ गई और दोनों युवक ट्रक के नीचे आ गए। हादसे में हरसांझ सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल धीरज को गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उसे लुधियाना रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही थाना सिटी-2 पुलिस और सैन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा मामले की जांच शुरू कर दी। डीएसपी नवीन कुमार ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, जिसके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।


Comments are closed.