Heavy Rainfall: मानसून अपनी गति से आगे बढ़ रहा है, वहीं कुछ राज्यों में प्री-मानसून गतिविधियां भी शुरू हो गई हैं। ताजा खबर यह है कि बीती रात मुंबई में भारी बारिश हुई। इससे निचले इलाकों में पानी भर गया। सुबह होने पर ट्रैफिक बढ़ गया और जगह-जगह जाम देखा गया। (नीचे देखिए वीडियो) वहीं बांद्रा वेस्ट में एक बहुमंजिला इमारत का हिस्सा ढहने से एक शख्स की मौत हो गई जबकि 16 अन्य घायल हो गए। राहत तथा बचाव कार्य जारी है। वहीं मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने कहा है कि देश में 15 जून से मानसून की बारिश होने की संभावना है। इस अवधि के दौरान, मध्य और उत्तरी मैदानी इलाकों में बारिश की संभावना है।
इस साल मानसून अपने सामान्य समय से दो दिन पहले 29 मई को केरल पहुंचा था। हालांकि 1 जून के बाद से बारिश औसत से 42 फीसदी कम रही है। मौसम विभाग 50 साल के औसत 87 सेंटीमीटर के 96 से 104 फीसदी को पूरे मानसून सीजन के लिए सामान्य बारिश मानता है। हालांकि, दक्षिणी, पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों में सामान्य और सामान्य से अधिक बारिश हुई है। महापात्र ने कहा, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, असम, दक्षिण बंगाल, मेघालय, सिक्किम और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश हुई है।
उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में लू जारी है
उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई हिस्सों में बुधवार को भी लू का दौर जारी रहा। अधिकतम अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस राजस्थान के गंगानगर और महाराष्ट्र के ब्रह्मपुरी में रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने कहा कि उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, झारखंड, तेलंगाना, मध्य प्रदेश में गुरुवार तक और ओडिशा में शुक्रवार तक लू की स्थिति बनी रहेगी। इन राज्यों के करीब 42 कस्बों और शहरों में बुधवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। दिल्ली के सफदरजंग में अधिकतम तापमान 44 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक था। अगले पांच दिनों में गुजरात और महाराष्ट्र में पारा दो से तीन डिग्री गिर सकता है।
Comments are closed.