मौसम विभाग ने साफ किया है कि मानसून अपनी तय गति से आगे बढ़ रहा है। इस बीच मुंबई में गुरुवार को झमाझम बारिश हुई है। वहीं अब यहां तापमान में गिरावट होगी। हालांकि मुंबई में गुरुवार सुबह भी हल्की बारिश हुई थी। आज भी कई जगह बारिश हो सकती है। साथ ही कर्नाटक के मंगलुरु में डेरालाकट्टे के आसमान में बारिश के बाद इंद्रधनुष बनते हुए भी देखा गया।विभाग ने गुरुवार को बताया कि बीते मंगलवार तक तय सीमा के साथ देश के पूर्वोत्तर हिस्सों में झमाझम बारिश के साथ मानसून अपनी दस्तक दे चुका है। विभाग ने संभावना जताते हुए कहा है कि मानसून अगले दो दिनों में पूरे महाराष्ट्र में पहुंच जाएगा, राज्य के कई हिस्सों में आज हल्की बारिश हो सकती है।
हरियाणा और पंजाब के ऊपर चक्रवाती स्थिति बनने के कारण मौसम में बदलाव के आसार बन रहे हैं। इसका असर हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और दिल्ली-एनसीआर में देखने को मिल सकता है। शुक्रवार दोपहर बाद तक दिल्ली के कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है। वहीं, अधिकतम पारा 43 व न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है। मौसम में बदलाव से मिलने वाली राहत लगातार दो दिन जारी रहेगी। आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ पारे में कमी आने की संभावना है।


Comments are closed.