
राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को सोने के दाम में 1,500 रुपये की गिरावट दर्ज की गई, और 10 ग्राम सोना 1,29,400 रुपये पर बंद हुआ। यह कमजोरी वैश्विक बाजारों में नरमी और फेडरल रिजर्व के अधिकारियों के बयानों के चलते आई, जिनमें संकेत दिया गया कि नई आर्थिक जानकारी के अभाव में आगे की दर कटौती में देरी हो सकती है। पीटीआई की खबर के मुताबिक, शुक्रवार को 99.5% शुद्धता वाला सोना गुरुवार के 1,30,300 रुपये से गिरकर 1,28,800 रुपये (सभी करों सहित) हो गया। स्थानीय बुलियन मार्केट में 99.9% शुद्धता वाला सोना पिछली सत्र में 1,30,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
सप्ताह के अंत में सोने में नरमी
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट सौमिल गांधी ने कहा कि सप्ताह के अंत में सोने में नरमी आई क्योंकि फेड की अगली दर कटौती को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई। अक्टूबर से सरकारी एजेंसियों में शटडाउन के कारण नए आर्थिक आंकड़े भी नहीं मिल पाए हैं, जिससे फेड अधिकारी सतर्क हैं।
चांदी के दाम में 4200 रुपये की गिरावट
शुक्रवार को चांदी 4,200 रुपये गिरकर 1,64,800 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) पर आ गई। गुरुवार को चांदी 1,69,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड लगभग 1% गिरकर 4,137.88 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। स्पॉट सिल्वर 0.49% गिरकर 52.03 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रही थी। एलकेपी सिक्योरिटीज के रिसर्च एनालिस्ट जतिन त्रिवेदी ने कहा कि फेड के अधिकारियों के बयान और डॉलर इंडेक्स में मजबूती ने सोने की कीमतों पर दबाव डाला।


Comments are closed.