पंजाब में अमृतसर के बाहरी इलाके में स्थित दबुर्जी गांव में एक अनिवासी भारतीय (एनआरआई) को उसके घर पर दो अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि हाल ही में अमेरिका से लौटे सुखचैन सिंह को उनकी पत्नी और उनकी पहली शादी से हुए दो बच्चे के सामने गोली मार दी गई।
पुलिस के अनुसार सिंह सुबह की सैर के लिए जा रहे थे, तभी मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने उन्हें उनके घर के बाहर रोक लिया। वे उन्हें उनके घर के अंदर ले गए और उनसे उनकी लग्जरी कार के रजिस्ट्रेशन के कागजात मांगे। पुलिस ने बताया कि विवाद के बाद हमलावरों ने सिंह के साथ मारपीट की, उन पर तीन गोलियां चलाईं और मौके से भाग गए।
दो गोलियां सिंह के सिर और सीने के पास लगीं। वारदात के बाद सिंह को एक निजी अस्पताल ले जाया गया। पूरी घटना पीड़ित के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने बताया कि फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है और जांच जारी है। सिंह की पत्नी ने आरोप लगाया कि इस हमले के पीछे उनकी पहली पत्नी के परिवार का हाथ है।
इस बीच, शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने इस घटना को लेकर पंजाब में कानून व्यवस्था की स्थिति पर निशाना साधा है। बादल ने वीडियो शेयर करते हुए कहा, “पंजाब में कानून व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह से खराब हो चुकी है। मैं पंजाब की मौजूदा स्थिति को देखकर बहुत दुखी हूं।”
उन्होंने एक्स पर आगे लिखा, “आज सुबह श्री अमृतसर साहिब के दबुर्जी में बदमाशों ने हमारे एनआरआई भाई सुखचैन सिंह के घर में घुसकर सरेआम गोलियां चलाईं। मां अपने बेटे को बचाने के लिए हाथ जोड़कर विनती कर रही थी और मासूम बच्चा अपने पिता को बचाने के लिए भीख मांग रहा था, लेकिन बेरहम अपराधियों ने एक न सुनी। मुख्यमंत्री भगवंत मान, आपके राज में ऐसी घटनाएं हर दिन हो रही हैं। पंजाबी अपने घरों में भी सुरक्षित नहीं हैं।”

Comments are closed.