आज रोहित शर्मा क्रिकेट का एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर सकते हैं। इस रिकॉर्ड तक दूसरे खिलाड़ी को पहुंचने में बड़ा समय लग सकता है। आज रोहित शर्मा वानखेड़े के मैदान पर उतरेंगे। सामने ऋषभ पंत की लखनऊ सुपरजाइंट्स होगी। फिलहाल दोनों टीमें 10-10 अंकों के साथ प्वाइंट्स टेबल में मौजूद हैं और प्लेऑफ की दौड़ में बनी हुई हैं। जो टीम यह मुकाबला जीतेगी, उसकी प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना और ज्यादा हो जाएगी।
लेकिन इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस से ज्यादा फैंस की नजरें रोहित शर्मा पर रहने वाली हैं। आज रोहित शर्मा कितने रन बनाते हैं, इसकी उत्सुकता सभी में है। रोहित शर्मा को मुंबई का लोकल ब्वॉय भी कहा जाता है। वानखेड़े का स्टेडियम उन्हें हमेशा से ही पसंद रहा है और इस स्टेडियम पर वह कई बड़े रिकॉर्ड दर्ज कर चुके हैं।
रोहित शर्मा को बस 5 छक्कों की जरूरत
दरअसल, रोहित शर्मा अब तक आईपीएल में 295 छक्के लगा चुके हैं। अगर वह पांच छक्के और लगा देते हैं तो आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन जाएंगे। रोहित शर्मा 300 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन जाएंगे। बता दें कि उनके पीछे विराट कोहली 283 छक्कों पर मौजूद हैं। हालांकि 300 छक्कों का रिकॉर्ड आईपीएल में पहले बन चुका है। यह रिकॉर्ड यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल के नाम है। क्रिस गेल ने आईपीएल में कुल 357 छक्के लगाए हैं। लेकिन रोहित शर्मा पहले भारतीय बन सकते हैं जो यह कारनामा कर सकेंगे। बता दें कि आज रोहित शर्मा अपने आईपीएल करियर का 266वां मुकाबला खेलेंगे।
रोहित शर्मा के आईपीएल करियर पर डालें नजर
रोहित शर्मा के आईपीएल करियर पर नजर डालें तो उन्होंने अब तक 265 आईपीएल मुकाबले खेले हैं, जिनकी 260 पारियों में उन्होंने 6856 रन बनाए हैं। उन्होंने आईपीएल में दो शतक लगाए हैं जबकि 45 अर्धशतक लगा चुके हैं। रोहित शर्मा का हाईएस्ट स्कोर 109 रन है, जो उन्होंने नाबाद बनाया था। अपने करियर में रोहित शर्मा ने 131 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है। 617 चौके लगाए हैं जबकि 295 छक्के लगा चुके हैं। आईपीएल में रोहित शर्मा 30 बार नॉट आउट रहे हैं।
बता दें कि इंटरनेशनल टी20 मुकाबलों के करियर पर नजर डालें तो रोहित शर्मा ने कुल 159 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं, जिनकी 151 पारियों में रोहित शर्मा ने 4231 रन बनाए हैं। इंटरनेशनल टी20 में रोहित शर्मा 5 शतक लगा चुके हैं जबकि 32 अर्धशतक लगा चुके हैं। वह 205 छक्के और 383 चौके भी लगा चुके हैं।

Comments are closed.