आम फलों का राजा तो फलों की रानी कौन, नारियल पानी से लगाई जा सकती है IV ड्रिप, जानिए 10 मजेदार फ्रूटी-फैक्ट्स
Surprising Fruit Facts : फल यानी स्वाद और सेहत एक साथ। ये प्रकृति का वो उपहार है जो हमें न सिर्फ ताजगी देते हैं, बल्कि हमारे शरीर को ज़रूरी पोषक तत्व भी प्रदान करते हैं। हर मौसम में मिलने वाले विभिन्न प्रकार के फल विटामिन, मिनरल्स, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होते हैं जो हमें स्वस्थ बनाए रखने में बहुत मददगार साबित होते हैं।
आधुनिक चिकित्सा विज्ञान से लेकर प्राचीन आयुर्वेद तक..सभी एक स्वर में मानते हैं कि फल न सिर्फ हमारे शरीर को पोषण देते हैं, बल्कि उसे रोगों से लड़ने की शक्ति भी प्रदान करते हैं। आयुर्वेद में फलों को “सात्विक आहार” की श्रेणी में रखा गया है और शरीर की प्रकृति के अनुसार इन्हें खाने की सलाह दी गई है।
फल यानी स्वाद के साथ सेहत का भी खजाना
इस चिलचिलाती गर्मी में जब पारा 40 डिग्री के पार जा पहुंचा है..शरीर को ताजगी और ऊर्जा की बेहद ज़रूरत होती है। ऐसे में तरबूज़, खरबूज़, आम, लीची और खीरा जैसे गर्मियों के फल न सिर्फ स्वाद बढ़ाते हैं, बल्कि शरीर को प्राकृतिक रूप से ठंडक भी देते हैं। हर मौसम में आने वाले अलग-अलग फल सेहत को बनाए रखने का सबसे सरल, सस्ता और प्रभावी समाधान है। और जब हम फलों की बात कर रहे हैं और इनके साथ कई रोचक तथ्य भी जुड़े हुए हैं। आइए आज फलों को लेकर कुछ ऐसी ही मजेदार बातें जानते हैं।
फलों से जुड़े रोचक तथ्य
1. टमाटर फल है, सब्जी नहीं : क्या आप जानते हैं कि तकनीकी रूप से टमाटर एक फल है क्योंकि इसमें बीज होते हैं..हालांकि आमतौर पर इसे सब्जी की तरह इस्तेमाल किया जाता है।
2. पानी में तैरता सेब : अगर आप सेब को पानी में डालेंगे तो वो तैरने लगेगा। इसकी वजह है कि सेब में 25% हवा होती है, इसलिए यह पानी में डूबता नहीं बल्कि तैरता है। यही वजह है कि ‘बॉबिंग फॉर एप्पल्स’ खेल लोकप्रिय है। एक और मजेदार बात..सुबह एक सेब खाने से कॉफी जितनी ताजगी मिलती है।
3. केले का रेडियोएक्टिव गुण : केले में पोटैशियम-40 नाम का रेडियोएक्टिव आइसोटोप होता है, लेकिन इसकी मात्रा इतनी कम होती है कि ये किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचाता है।
4. अनानास पेड़ पर नहीं उगता : अनानास जमीन पर छोटे पौधों पर उगता है। ये फल जमीन से उगने वाली पत्तेदार झाड़ी में पत्तियों के बीच से निकलता है और एक फल को पकने में 2-3 साल लग सकते हैं।
5. स्ट्रॉबेरी के बीज की सच्चाई : जब आप स्ट्रॉबेरी देखते हैं तो उसकी चमकदार लाल सतह पर सजे सैकड़ों छोटे-छोटे दाने बीज के जैसे दिखते हैं। लेकिन असल में ये बीज नहीं बल्कि छोटे-छोटे अलग फल होते हैं, जिन्हें एकेन्स (Achenes) कहा जाता है।
6. अंगूर का माइक्रोवेव ड्रामा : अगर आप दो अंगूरों को आधा काटकर माइक्रोवेव में गर्म करें, तो वे चिंगारी पैदा कर सकते हैं। यह प्लाज्मा प्रभाव की वजह से होता है। हालांकि यह प्रयोग मजेदार और वैज्ञानिक रूप से रोचक है, इसे घर पर करने की सलाह नहीं दी जाती।
7. दुनिया का सबसे बदबूदार फल : ड्यूरियन फल इतना बदबूदार होता है कि सिंगापुर और मलेशिया जैसे देशों में इसे बसों और होटलों में ले जाना बैन है। लेकिन इसका स्वाद लाजवाब होता है। ड्यूरियनर विशेष रूप से मलेशिया, थाईलैंड, इंडोनेशिया, सिंगापुर, वियतनाम और फिलीपींस जैसे देशों में उगता है।
8. फलों की रानी : मलेशिया का मंगोस्टीन (Garcinia mangostana) ‘फलों की रानी’ कहलाता है। ये दक्षिण-पूर्व एशिया का एक प्रमुख और लोकप्रिय फल है। इसका छिलका बैंगनी होता है और गूदा सफेद, रसीला और स्वादिष्ट होता है। ये फल सिंगापुर, मलेशिया, थाईलैंड और इंडोनेशिया जैसे देशों में विशेष रूप से पसंद किया जाता है। इसकी पौष्टिकता और स्वाद के कारण यह स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी माना जाता है।
9. गुणों का खजाना नारियल : नारियल को आप थ्री इन वन फल कह सकते हैं क्योंकि ये एक ही साथ फल, बीज और मेवा है। ये एक फल है क्योंकि पेड़ से आता है, एक बीज है क्योंकि इसे उगाया जा सकता है और एक मेवा है क्योंकि इसका बाहरी हिस्सा कठोर होता है। सबसे मजेदार बात..नारियल का पानी इतना शुद्ध होता है कि इमरजेंसी में में इसे IV ड्रिप की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है। इसीलिए नारियल के पेड़ को ‘जीवन वृक्ष’ भी कहते हैं।
10. सेब और गुलाब का रिश्ता : सेब, नाशपाती और आलूबुखारा गुलाब परिवार (Rosaceae) के सदस्य हैं। तो इस प्रकार सेब और गुलाब एक तरह से भाई-बहन हैं।
