जालंधर: भार्गव कैंप में वाहनों की तलाशी लेते पुलिस कर्मचारी।पंजाब डीजीपी के आदेश के बाद जालंधर शहर में भी पुलिस ने शनिवार को नशे के खिलाफ जालंधर में अभियान चलाया। सुबह देहात पुलिस ने भोगपुर के गांव किंगरा चो वाला में छापेमारी की तो दोपहर को शहर के भार्गव कैंप और 120 फुटी रोड पर पुलिस ने सर्च अभियान चलाया।देहात में सर्च अभियान एसएसपी देहात स्वप्न शर्मा के नेतृत्व में चलाया गया, जबकि शहर में विशेष रुप से नियुक्त किए गए एडीजीपी अर्पित शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस कमिश्नर जालंधर गुरशरण सिंह संधू के की अगुआई में छापेमारी अभियान चलाया।पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार पुलिस पहले ही भार्गव कैंप एरिया और 120 फुटी रोड पर तैनात कर दी गई थी। इसके बाद एडीजीपी अर्पित शुक्ला के आने के बाद सर्च ऑपरेशन चलाया गया। छापे से पहले मोहल्लों और कुछ घरों को आईडेंटिफाई किया गया था जहां पर पुलिस को शक था कि यहां पर नशा बिकता है। वहां पर पहुंच कर पुलिस के जवानों ने सर्च किया, लेकिन पुलिस की यह छापेमारी की सारी कवायद फॉर्मेलिटी से ज्यादा कुछ भी नहीं लगी।बड़े साहब का आदेश बजाना है इसके लिए खानापूर्ति के तौर पर घरों में सर्च अभियान चला और सड़कों पर भी वाहनों की चेकिंग मात्र दिखावे से ज्यादा कुछ नहीं थी। पुलिस जवानों ने इन इलाकों में सड़कों गलियों के बाहर नाकाबंदी भी कर रखी थी। गलियों सड़कों पर आने वाले सभी प्रकार के वाहनों की चेकिंग भी की। दोपहिया वाहन चालकों को तो विशेष रुप से पुलिस के जवान रोक कर उनकी तलाशी ले रहे थे।नशे के खिलाफ छेड़ी गई कवायद में हालांकि पुलिस को कुछ खास हासिल नहीं हुआ है। उल्टा लोगों में पुलिस की नफरी को घरों मोहल्लों में देखकर दहशत का माहौल जरुर था। घरों में बच्चे और बुजुर्ग कई जगह सहमे हुए थे। वह पुलिस की रेड को देखकर डरे हुए थे कि न जाने उनके घर में ऐसा क्या हो गया है कि पुलिस आ पहुंची है।

Comments are closed.