पंजाब के जालंधर शहर में एक युवक ने देर रात अपनी ससुराल में पहुंचकर परिवार के तीन सदस्यों की गोलियां मार कर हत्या कर दी। वारदात शिवनगर एरिया की गली नंबर 5 में हुई। हत्या करने वाला सुनील सिक्योरिटी गार्ड का काम करता है। सुनील सोमवार देर रात ससुराल पहुंचा और अपने लाइसेंसी हथियार से पत्नी शिल्पी, सास कृष्णा और ससुर अशोक की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी सुनील का अपनी पत्नी शिल्पी से झगड़ा चल रहा था। शिल्पी का मायका ससुराल के नजदीक ही है इसलिए उसके माता-पिता बेटी से मिलने सुनील के घर आते रहते थे। सुनील का यह बात पसंद नहीं थी और इसे लेकर उसका रोज शिल्पी से झगड़ा होता था। पिछली रात भी सुनील का पत्नी के साथ इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। झगड़े के बाद पत्नी अपने मायके में चली गई। सुनील ने देर रात अपना लाइसेंसी रिवॉल्वर उठाया और नागरा फाटक के नजदीक शिवनगर की गली नंबर 5 में पहुंच गया। वह अपने ससुरालियों के घर में घुस गया और अपनी रिवॉल्वर पत्नी, सास और ससुर पर खाली कर दी। फायरिंग की आवाज सुनकर पड़ोसी बाहर आए तो सुनील मौके पर था।
पड़ोसियों को देखकर उसने अंदर से घर का गेट बंद कर लिया था। लोगों ने गोलियां चलने की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह घर का गेट खुलवाया। अंदर तीन लाशें पड़ी थीं। पुलिस ने मौके पर ही सुनील को गिरफ्तार कर लिया। लाइसेंसी रिवॉल्वर भी बरामद कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुनील की यह तीसरी शादी थी, जिसमें पत्नी के मायके वालों की वजह से विवाद रहता था।

Comments are closed.