चमकते हुए दांत दुनिया का हर इंसान चाहता है। ये चमकते हुए दांत आपका कॉन्फिडेंस तो बढ़ाते ही हैं, साथ में आपकी हेल्थ के बारे में भी बहुत कुछ बताते हैं। ओरल हाइजीन का ध्यान रखना बहुत ही जरूरी होता है। अधिकतर लोग सुबह और रात ब्रश तो करते हैं, लेकिन सही तरीके से ब्रश नहीं करने के कारण उनके मुंह से बदबू, मसूड़ों में सूजन, कैविटी और दांतों का कमजोर होना जैसी समस्याएं उत्पन्न हो जाती हैं।
दांतों की देखभाल करना कोई कठिन काम नहीं है। इसके लिए बस आपको अपनी आदत सुधारने की जरूरत होती है, जैसे कि सही ब्रश का उपयोग करना, सही टूथपेस्ट के साथ सही तरीके से रोजाना नियमित रूप से ब्रश करना। इसके साथ-साथ आपको अपनी जीभ की सफाई पर भी ध्यान देना होता है।
एक सही टूथब्रश कितना है जरूरी
दांतों की अच्छी सफाई के लिए एक सही टूथब्रश अहम भूमिका निभाता है। अधिकतर लोग हार्ड ब्रश का उपयोग करते हैं, जिससे उनके मसूड़ों को नुकसान पहुंचता है। इसलिए हमेशा सॉफ्ट टूथब्रश का इस्तेमाल करें, जिससे मसूड़ों पर ज्यादा दबाव नहीं पड़ेगा। ब्रश का साइज भी ज्यादा बड़ा नहीं होना चाहिए, ताकि वह मुंह के हर कोने में आसानी से पहुंचकर दांतों की सफाई कर सके। इसके अलावा, हर 3 से 4 महीने में अपने ब्रश को बदलना न भूलें।
सही मात्रा में लें टूथपेस्ट
अधिकतर लोग यह सोचते हैं कि ज्यादा टूथपेस्ट लगाने से उनके दांत ज्यादा साफ होंगे, लेकिन ऐसा नहीं होता है। एडल्ट के लिए एक मटर के दाने के बराबर टूथपेस्ट पर्याप्त होता है। छोटे बच्चों के लिए सिर्फ चावल के दाने जितना टूथपेस्ट ही लगाना चाहिए, ताकि गलती से भी वे इसे निगल न लें।
ब्रश करने का सही तरीका आना भी है जरूरी
कई लोग दांतों पर तेजी से ब्रश का इस्तेमाल करते हैं, जिससे दांतों की ऊपरी परत खराब हो सकती है। इसके बजाय, दांतों को सर्कुलर मोशन में ब्रश करना चाहिए, क्योंकि सर्कुलर मोशन में ब्रश करने से दांतों के कोनों में फंसे खाने के छोटे-छोटे कण आसानी से निकल जाते हैं।
आपकी जीभ की सफाई भी है जरूरी
सिर्फ दांतों की सफाई करने से ही काम नहीं चलेगा, आपको अपनी जीभ का भी ध्यान रखना होगा। जीभ पर कई हानिकारक बैक्टीरिया जमा हो जाते हैं, जिससे सांसों में बदबू आती है। इसलिए रोजाना ब्रश करते समय जीभ की सफाई भी जरूरी होती है। इसके लिए टंग क्लीनर का उपयोग कर सकते हैं, लेकिन इसका उपयोग हल्के हाथ से करना चाहिए।
कितनी बार ब्रश करना है वह भी जान लें
दिन में दो बार ब्रश करना बहुत जरूरी होता है—एक बार सुबह उठने के बाद और दूसरी बार रात को सोने से पहले। बस यह दो बार ब्रश करना ही आपके लिए पर्याप्त होगा।
खाने के तुरंत बाद ब्रश नहीं करना है
कुछ लोगों को आदत होती है खाने के बाद ब्रश करने की। लोगों को लगता है कि अगर वे खाने के बाद ब्रश करेंगे तो उनके दांतों में फंसे खाने के कण निकल जाएंगे। यह बात कुछ हद तक सही भी है, लेकिन खाने में सोडा, टमाटर, नींबू जैसी एसिडिक चीजें होती हैं। यदि खाने के तुरंत बाद ब्रश किया गया, तो यह आपके दांतों की परत को कमजोर कर सकता है। इसलिए ऐसा करना सही नहीं है।
