जयपुर: कटारिया बोले-गहलोत घर की लड़ाई दूसरों के माथे फोड़ रहेCM गहलोत की ओर से सुप्रीम कोर्ट और देश भर के हाईकोर्ट चीफ जस्टिसों की मौजूदगी में BJP पर हॉर्स ट्रेडिंग का आरोप लगाने के मुद्दे पर सियासत गरमा गई है। बीजेपी के नेता प्रतिपक्ष गुलाबचन्द कटारिया और पूर्व शिक्षा मंत्री व मौजूदा विधायक वासुदेव देवनानी ने कहा है गहलोत अपने घर की लड़ाई को दूसरों के माथे फोड़ रहे हैं। देवनानी ने कहा-हॉर्स ट्रेडिंग के जनक खुद अशोक गहलोत हैं। जिन्होंने पिछले दो विधानसभा चुनाव के बाद लगातार BSP विधायकों की हॉर्स ट्रेडिंग कर उन्हें अपने साथ कर लिया।बीजेपी मुख्यालय में नेता प्रतिपक्ष गुलाबचन्द कटारिया ने कहा- गहलोत के मन में गुस्सा है। वो उनके घर की लड़ाई है,उसे दूसरों के माथे फोड़ने की कोई जरूरत नहीं है। गहलोत अपने ही नेता को नाकाबिल, नाजोगा, अंग्रेजी बोलने वाला कहते हैं। जो कुछ पैदा किया, वो तो उन्होंने पहले दिन से पैदा किया। सत्ता में आने के बाद 7 दिन तक मंत्रिमंडल नहीं बना सके। दिल्ली-जयपुर चक्कर काटे। उसके बाद जब मंत्रिमंडल बनाया, तो भी आंकड़ा 63 के बजाय 36 ही रहा। बराबर यह विवाद चलता रहा। उसके कारण दो खेमे बनकर होटलों में गए तो उनकी अपनी इच्छा से गए। करो तुम और माथे हमारे ढोलो इसका कोई अर्थ नहीं है। उन्हें अगर कुछ सुधारना है, तो अपनी पार्टी को सुधारें जो सब जगह टूट रही है।देशभर में सबसे ज्यादा असुरक्षित मुख्यमंत्री अशोक गहलोतविधायक और पूर्व शिक्षा मंत्री वासुदेव देवनानी ने कहा- देशभर में सबसे ज्यादा असुरक्षित मुख्यमंत्री अशोक गहलोत हैं। उनको रात-दिन यह चिन्ता सता रही है कि कहीं मेरी कुर्सी नहीं चली जाए। हॉर्स ट्रेडिंग के जनक खुद अशोक गहलोत हैं। जिन्होंने पिछली बार और इस बार भी BSP के विधायकों को हॉर्स ट्रेडिंग करके अपने साथ मिला लिया। निर्दलीयों से एक-एक से मिलकर पता नहीं क्या-क्या आश्वासन और प्रलोभन दिए। जिसके आधार पर राज्यसभा की तीसरी सीट के लिए सौदे किए। लेकिन बहुत ज्यादा दिनों तक गहलोत की चल नहीं पाएगी। असुरक्षा के कारण कई बार वो ऐसे शब्द बोल जाते हैं जो उन्हें नहीं बोलने चाहिए। जैसे-नाकारा, निकम्मा से लेकर कई ऐसे शब्द आए। वो जो बोल रहे हैं उनके मन में भ्रम की स्थिति है। क्या कांग्रेस के कुछ विधायक बीजेपी में शामिल हो सकते हैं, इन चर्चाओं पर देवनानी ने कहा- मैं समझता हूं राजनीति सब सम्भावनाओं का खेल है। परिस्थितियां कभी भी बदल सकती हैं। लेकिन राजस्थान में बहुत ज्यादा स्कोप दूसरे दलों के लोगों को नहीं है। जो भी सिद्धांतों और विचारों को मानेगा स्वागत है।CM अशोक गहलोत ने ये कहा थामुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक दिन पहले सीजेआई सहित सुप्रीम कोर्ट के जजों और देश भर के हाईकोर्ट के सीजे की मौजूदगी में बीजेपी पर हॉर्स ट्रैडिंग का आरोप लगाते हुए राजस्थान में सरकार गिराने का मुद्दा उठाया है। गहलोत ने कहा- देश में हालात बहुत गंभीर हैं। सरकारें बदल रही हैं। बताइए आप, गोवा, मणिपुर, कर्नाटक, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र में सरकारें बदल दीं। शिंदे साहब बैठे हैं हमारे, एक शिंदे जी ये बैठे हुए हैं, एक शिंदे मुख्यमंत्री बन गए। ये तमाशा है? क्या लोकतंत्र है अभी देश के अंदर? कैसे रहेगा लोकतंत्र? अगर चुनी हुई सरकारें हॉर्स ट्रेडिंग से बदली जाएंगी तो कैसे चलेगा। ये तो मेरी सरकार पता नहीं कैसे बच गई, ये भी आश्चर्य हो रहा है देश के अंदर, वरना आपके सामने मैं खड़ा नहीं होता। रिजिजू जी के सामने कोई दूसरा मुख्यमंत्री आपको मिलता यहां अभी। टच एंड गो का मामला ही था वहां पर। मैं समझता हूं कि नाजुक है,हमें उसको देखना पड़ेगा।गहलोत बोले- मेरी सरकार कैसे बच गई यह अचंभा:कहा- रिटायरमेंट के बाद कुछ बनने की चिंता जजेज को रहेगी तो कैसे काम चलेगा ?

Comments are closed.