सावन में भगवान शिव की पसंदीदा चीजों से डेकोरेट करें अपना घर, प्रसन्न हो कर झोली भर देंगे महादेव, लाइफस्टाइल न्यूज़
‘सावन का महीना पवन करे शोर, जियरा झूमे ऐसे जैसे मनवा नाचे मोर’, सावन के महीने के लिए बॉलीवुड का यह गाना बिल्कुल ठीक बैठता है। सावन का महीना आते ही, मुरझाए हुए फूलों की तरह ही लोगों के दिल भी खिल उठते हैं। इस महीने में हर तरफ हरियाली ही हरियाली होती है। सबसे जरूरी बात तो यह है कि सावन का महीना भगवान शिव का प्रिय महीना होता है। ऐसे में घर के मंदिर से लेकर घर के कोने-कोने को खास तरीके से सजाया जाता है। तो चलिए भोलेनाथ के स्वागत में घर को उनकी ही मनपसंद चीजों से डेकोरेट किया जाए, ताकि उनके स्वागत में कोई कसर ना बाकी रह जाए।
घर के मुख्य द्वार पर सजाएं तोरण
सावन के महीने में घर को सजाने की शुरुआत घर के मुख्य द्वार से कर सकते हैं। घर के मुख्य द्वार को खूबसूरत तोरण से सजाया जा सकता है। इसके लिए आप चाहें तो मार्केट से आर्टिफिशियल तोरण खरीद सकते हैं। इसके अलावा आप फूल और पत्तियों की मदद से घर पर ही खूबसूरत नेचुरल तोरण तैयार कर सकते हैं। भगवान शिव के पसंदीदा फूलों, बेलपत्र, आम के पत्ते और अशोक पत्र से भी सुंदर तोरण तैयार की जा सकती हैं। प्राकृतिक रूप से तैयार किया गए तोरण ना केवल आपके घर के मुख्य द्वार की खूबसूरती बढ़ाएंगे, इसके साथ ही ये घर में पॉजिटिविटी का माहौल भी बनाएं रखेंगे।
घर में लगाएं झूला
बिना झूला झूले सावन का महीना अधूरा है। आज भी सावन की शुरुआत होते ही गांवो में पेड़ों पर झूले पड़ जाते हैं। अगर आप शहर में रहते हैं तो सावन के महीने में आप घर की बालकनी अथवा लॉन में झूला लगा सकते हैं। आजकल अक्सर घर की बालकनी में झूला लगा रहता है। ऐसे में सावन के महीने में आप झूले को अलग-अलग तरह से गुब्बारे और फूलों से सजा भी सकते हैं। इसके साथ ही झूले पर गद्दा बिछाकर और रंग-बिरंगे कुशन रखकर इस खूबसूरत लुक दे सकते हैं। अगर घर में बच्चे हैं तो आप झूलों पर सॉफ्ट टॉय भी सजा सकते हैं।
शिवजी की पसंदीदा चीजों से सजाएं घर का मंदिर
सावन के महीने में घर के मंदिर को भी शिव जी की पसंदीदा चीजों से सजाया जा सकता है। इसके लिए आप मंदिर के दरवाजों पर डमरू या शिवजी के पसंदीदा फूल से बने तोरण को लटका सकते हैं। मंदिर की दीवारों और मंदिर में बिछाए जाने वाले पेपर को शिवजी के पसंदीदा रंग लाल, पीला, हरा, सफेद और नारंगी रंग से सजा सकते हैं। मंदिर की दीवार पर ‘ ॐ ‘ का स्टीकर या शिव परिवार से भी डेकोरेट कर सकते हैं।
फूलों और बेलपत्र से बनाए रंगोली
सावन के महीने में आप घर के दरवाजों, आंगन और मंदिर के दरवाजों के सामने फूलों और बेलपत्र की रंगोली बना सकते हैं। ये रंगोली देखने में बेहद खूबसूरत भी लगती है और इसकी खुशबू से घर का एनवायरमेंट भी फ्रेश रहता है। फूलों की रंगोली बनाने के लिए आप गेंदे और गुलाब के फूल का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा आप भगवान शिव के पसंदीदा फूल पारिजात (हरसिंगार) से भी रंगोली बना सकते हैं।

Comments are closed.