सावन में शिवजी की पूजा के लिए बनाएं ये खास घी बाती, कपूर की महक से भर जाएगा घर दूर होगी नेगेटिव एनर्जी, लाइफस्टाइल न्यूज़
सावन के पवित्र महीने की शुरुआत हो चुकी है। शिवजी के इस प्रिय महीने में उन्हें मनाने के लिए सभी भक्त उनकी पूजा अर्चना करते हैं। पूजा करते वक्त जिस चीज की सबसे पहले जरूरत पड़ती है वो है बाती। बिना बाती के तो पूजा शुरू ही नहीं हो सकती। कई लोग बाजार से रेडीमेड घी की बाती खरीद कर लाते हैं। इन्हें दिए में लगाकर आसानी से प्रज्वलित किया जा सकता है। लेकिन ये अक्सर मोमबत्ती और मिलावटी घी से बनाई जाती हैं। आज हम आपको घर पर ही दीया बाती बनाने का तरीका बताने वाले हैं। ये आम दीया बाती से बिल्कुल अलग हैं। इन्हें जलाने से आपके घर में कपूर की खुशबु फैल जाएगी जिससे माहौल में पॉजिटिविटी बनी रहेगी।
चाहिए होंगी ये चीजें
देसी घी से तैयार स्पेशल दीया बाती को बनाने के लिए आपको बहुत ही कम चीजों की जरूरत पड़ेगी। इसे बनाना भी बेहद आसान है। इसके लिए बस आपको लगभग 1 कटोरी देसी घी, 6 से 7 कपूर के टुकड़े और लगभग 30 रूई की बातियों की जरूरत होगी। आप अपने हिसाब से इनकी क्वांटिटी को कम या ज्यादा कर सकते हैं।
बेहद आसान है बनाने का तरीका
होममेड दीया बाती बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में देसी घी को रखकर गर्म कर लें। इसके बाद इसे थोड़ी देर हल्का सा ठंडा होने के लिए छोड़ दें। अब कपूर के टुकड़ों को पीसकर एक फाइन यानी बारीक पाउडर तैयार कर लें। पिसे हुए कपूर के चूरे को इस देसी घी में डालकर अच्छे से मिक्स कर लें। अब बारी है बाती बनाने की। इसके लिए आपको बर्फ जमाने वाली ट्रे की जरूरत होगी। इस आइस क्यूब ट्रे के हर खांचे में रूई की गोल-गोल बाती बनाकर रखते जाएं। अब इनमें देसी घी वाले मिक्सचर को धीरे-धीरे डाल दें। ध्यान रहे कि बाती का सिरा ऊपर की तरफ उठा हो। अब इन्हें लगभग आधे घंटे के लिए फ्रिज में छोड़ दें। ये जमने के बाद सख्त हो जाएंगी।
ऐसे करें इस्तेमाल
फ्रिज में जमने के बाद बाती सख्त हो जाएंगी। अब आप जब चाहे इन्हें इस्तेमाल कर सकते हैं। सुबह शाम जब भी भगवान शिव की पूजा करें इनमें से एक बाती को दीए में लगाकर प्रज्वलित करें। इसके जलते ही पूरे घर का वातावरण कपूर की भीनी-भीनी महक से भर जाएगा। इससे घर की सारी नेगेटिव एनर्जी दूर हो जाएगा और घर में शांत और पॉजिटिव माहौल तैयार होगा।

Comments are closed.