Delhi News:कहासुनी के बाद बदमाशों ने युवक पर बरसाईं गोलियां – After An Altercation, Miscreants Fired Bullets At The Young Man
जामा मस्जिद इलाके में दो युवकों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, कान को छूकर निकली गोली
युवक को गंभीर हालत में एलएनजेपी अस्पताल में कराया गया भर्ती
पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला किया दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मध्य दिल्ली का जामा मस्जिद इलाका रविवार आधी रात गोलियाें की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। मामूली कहासुनी के बाद दो बदमाशों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। एक गोली युवक की कनपटी को छूकर निकली। आरोपियों ने पिस्टल की बट से कई वार कर युवक को लहूलुहान कर दिया। बाद में आरोपी गोली चलाते हुए फरार हो गए। शोर-शराबा और गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। पीड़ित मोहम्मद असद (25) को एलएनजेपी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
क्राइम टीम के अलावा एफएसएल की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। जामा मस्जिद थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से पड़ताल की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने दोनों ही आरोपियों की पहचान करने की बात कही है। फिलहाल रंजिश में हमले की बात सामने आ रही है। पुलिस के मुताबिक, मो. असद परिवार के साथ गली जगत वाली, जामा मस्जिद में रहता है। परिवार में पिता सिराजुद्दीन, पत्नी, एक माह की बच्ची व बाकी सदस्य हैं। असद का अपना कारोबार है। रविवार को उसकी बच्ची की तबीयत खराब थी। शाम में वह उसे दवाई दिलवाकर लौटा था। देर रात खाना खाने के बाद वह मेडिकल स्टोर पर दवाई लेने के लिए घर से निकला। इसी बीच दोनों आरोपी युवक उसे मिल गए। स्थानीय लोगों का दावा है कि दोनों शराब के नशे में थे। उन्होंने असद से बहस की और उस पर पिस्टल निकालकर गोली चला दी। कई राउंड गोलियां चलाने के बाद भी असद को गोली नहीं लगी। एक गोली उसकी कनपटी को छूकर निकली। बाद में आरोपियों ने पांच-छह बार उसकी कनपटी पर पिस्टल से हमला किया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एक आरोपी का नाम साद है, दूसरे की भी पहचान हो गई है। हमलावर और पीड़ित एक दूसरे को अच्छी तरह जानते हैं।

Comments are closed.