
वंदे भारत ट्रेनें
– फोटो : एएनआई (फाइल)
विस्तार
प्रयागराज होकर गुजरने वाली नई दिल्ली और गोरखपुर वंदे भारत एक्सप्रेस में सफर करने वाले यात्रियों का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। जनवरी 24 से जून 24 की अवधि में जंक्शन होकर दिल्ली जाने वाली दोनों वंदे भारत एवं प्रयागराज-गोरखपुर वंदे भारत में 7.36 लाख यात्रियों ने सफर किया। इसमें सिर्फ 22435/22436 वंदे भारत में सफर करने वाले यात्रियों की संख्या 4.39 लाख रही। खास बात यह है कि वंदे भारत युवाओं को खासी पसंद आ रही है। इसमें सफर करने वाले 26 से 45 वर्ष की उम्र के यात्रियों की संख्या 45 फीसदी के आसपास है।
प्रयागराज जंक्शन से वर्तमान समय कुल तीन जोड़ी वंदे भारत ट्रेनों का आवागमन हो रहा है। इसमें दो का संचालन वाराणसी से नई दिल्ली एवं एक प्रयागराज से लखनऊ के रास्ते गोरखपुर के लिए चल रही है। दिल्ली के लिए चल रही वंदे भारत में यात्रियों को लोड फैक्टर लगातार बढ़ता ही जा रहा है। देश की पहली वंदे भारत का संचालन फरवरी 2019 के दौरान नई दिल्ली से वाराणसी के लिए हुआ था। दिल्ली से प्रयागराज के बीच 22436 वंदे भारत में यात्रियों का कुल लोड 125.83 फीसदी का है।

Comments are closed.