ऐप पर पढ़ें
BMW Hit and Run Case: बीएमडब्ल्यू हिट एंड रन मामले में मुंबई की अदालत ने मुख्य आरोपी मिहिर शाह को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। अब वह 30 जुलाई तक जेल में ही रहेगा। शिवसेना नेता राजेश शाह के बेटे मिहिर ने बीएमडब्ल्यू कार से मुंबई के वर्ली में एक स्कूटी को कथित रूप से टक्कर मार दी थी जिसमें उस पर सवार एक महिला की मौत हो गई थी और उनका पति घायल हो गया था। काफी लुकाछिपी के बाद मुंबई पुलिस ने उसे इस मामले में गिरफ्तार कर लिया था।
24 वर्षीय मिहिर शाह को पिछले मंगलवार (9 जुलाई) को पड़ोसी पालघर जिले के विरार फाटा से गिरफ्तार किया गया था। तब से वह 16 जुलाई तक पुलिस हिरासत में था। आज उसकी पुलिस हिरासत खत्म होने के बाद मुंबई की निचवी अदालत में पेश किया गया था, जहां से कोर्ट ने उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस हिरासत के दौरान वर्ली पुलिस की एक टीम ने उससे हिट एंड रन केस में पूछताछ की थी।
पुलिस पूछताछ में मिहिर ने इस बात को कबूल किया है कि जब हादसा हुआ था, तब वह नशे में था। मिहिर ने कबूल किया है कि वह नशे में बांद्रा वर्ली सी लिंक पर तेजी से अपनी गाड़ी भगा रहा था। तभी वर्ली के एनी बेसेंट रोड पर तड़के साढ़े पांच बजे उसकी बीएमडब्ल्यू कार ने पीछे से एक दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी थी, जिसके कारण 45 साल की कावेरी नखवा की मौत हो गई थी जबकि उनका पति प्रदीप नखबा घायल हो गए थे।

Comments are closed.