Bihar News Cm Nitish Kumar Sent Rs 7,000 Relief Money To Accounts Of 3.21 Lakh Families In 18 Districts – Amar Ujala Hindi News Live

सीएम नीतीश कुमार
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बिहार सीएम नीतीश कुमार ने गुरुवार को 1, अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ में आयोजित कार्यक्रम में राज्य के 18 जिलों में आई बाढ़ (द्वितीय चरण) से प्रभावित 3.21 लाख परिवारों को डीबीटी के द्वारा सीधे उनके खाता में सात हजार रुपये प्रति परिवार की दर से कुल 225.25 करोड़ रुपये की आनुग्रहिक राहत राशि के भुगतान का माउस क्लिक कर अंतरण किया। सीएम द्वारा प्रथम चरण में चार लाख 38 हजार 529 परिवारों के खाते में 306.97 करोड़ रुपये अंतरित की गई थी। जबकि आज द्वितीय चरण में तीन लाख 21 हजार 792 परिवारों के खाते में 225.25 करोड़ रुपये अंतरित की गई। यानी कुल बाढ़ से प्रभावित सात लाख 60 हजार 321 परिवारों के खाते में 532.22 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की गई।
बैठक में आपदा प्रबंधन विभाग की संयुक्त सचिव साहिला ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जानकारी देते हुये बताया कि द्वितीय चरण में बिहार के 18 जिले प्रभावित हुये हैं। बाढ़ पीड़ितों के सहायतार्थ बाढ़ आपदा प्रबंधन मानक संचालन प्रक्रिया के अनुरूप सभी कार्रवाई की गई है और प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता प्रदान की जा रही है।
समीक्षा के दौरान कृषि विभाग के विशेष सचिव वीरेन्द्र प्रसाद यादव ने बताया कि प्रथम चरण में आयी बाढ़ से 16 जिले का कृषि क्षेत्र प्रभावित हुआ है। दूसरे चरण में आयी बाढ़ के कारण 16 जिलों का कृषि क्षेत्र प्रभावित हुआ है, जिससे किसानों की फसल क्षति हुई है। प्रथम चरण के लिये फसल क्षति के रूप में 229 करोड़ तथा द्वितीय चरण के लिये 261 करोड़ रुपये का आकलन किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण के लिये फसल क्षति की 229 करोड़ रुपये की राशि विभाग को प्राप्त हो गई है।
समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिये सरकार कृत संकल्पित है। सरकार में आने के बाद से आपदा पीड़ितों की सहायता के लिये हम लोग लगातार तत्पर रहते हैं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में किसानों की जो फसल क्षति हुई है, उसकी राशि दीपावली के पूर्व अवश्य उपलब्ध करा दें। किसानों को सभी प्रकार की सुविधायें देने के लिये सरकार लगातार काम कर रही है। बाढ़ के दौरान जिन किसानों की फसल क्षति हुई है, उसमें कोई छूटे नहीं, सभी प्रभावित परिवारों को राशि अवश्य मिल जाए। कृषि विभाग इसके लिये तेजी से काम करे।
बैठक में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, आपदा प्रबंधन मंत्री संतोष कुमार सुमन, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ. उदयकांत मिश्रा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. एस सिद्धार्थ, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, कृषि विभाग के विशेष सचिव वीरेन्द्र प्रसाद यादव, आपदा प्रबंधन विभाग की संयुक्त सचिव साहिला सहित आपदा प्रबंधन विभाग के अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments are closed.