Haryana:मंत्री अनिल विज की कार को एसटीएफ जवान ने मारी टक्कर, बाल-बाल बचे, केस दर्ज – Minister Anil Vij Car Was Hit By An Stf Jawan
हरियाणा के परिवहन एवं ऊर्जा मंत्री अनिल विज सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए। शनिवार रात 11 बजे मंत्री विज अंबाला कैंट के महाराजा ढाबे के सामने से शास्त्री कॉलोनी जाने के लिए अंबाला-दिल्ली हाईवे की तरफ जा रहे थे कि अचानक एक काले रंग की कार सुरक्षा काफिले को तोड़ते हुए मंत्री अनिल विज की कार से टकरा गई। पूरे काफिले में हलचल मच गई। सुरक्षा कर्मियों ने कार चालक को मौके पर पकड़कर कार सहित पड़ाव थाना पुलिस को सौंप दिया।
टक्कर मारने वाले कार चालक की पहचान अंबाला कैंट के बाबाहेड़ी गांव निवासी राजिंद्र शर्मा के रूप में हुई है। जो अंबाला स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) में सब इंस्पेक्टर पर कार्यरत है। पड़ाव थाना पुलिस ने कार चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने पर केस दर्ज कर लिया है।
पड़ाव थाना प्रभारी धर्मबीर का कहना है कि टक्कर मारने वाले कार चालक से गहनता से पूछताछ की जा रही है। मंत्री अनिल विज की वॉल्वो एस-90 गाड़ी आगे से मामूली रूप से क्षतिग्रस्त हुई है। हादसे के समय मंत्री विज महेश नगर की तरफ से एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद शास्त्री कॉलोनी जा रहे थे।
पहले भी मंत्री विज की एस्कॉर्ट गाड़ी को ट्रक ने मारी थी टक्कर
मंत्री अनिल विज के काफिले की गाड़ी को टक्कर मारने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी 7 जनवरी 2023 को बहादुरगढ़ में कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेस-वे पर मंत्री विज के काफिले में चल रही एस्कॉर्ट गाड़ी को ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी थी। हादसे में एस्कॉर्ट गाड़ी अनियंत्रित होकर सीधा आगे चल रही मंत्री विज की गाड़ी से टकरा गई। उस समय भी मंत्री विज बाल-बाल बच गए थे।


Comments are closed.