नई दिल्ली, 26 अप्रैल 2026
दिल्ली विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र मंगलवार, 28 अप्रैल 2026 को प्रातः 11:00 बजे पुराना सचिवालय में आरंभ होगा। यह जानकारी दिल्ली विधानसभा के माननीय अध्यक्ष श्री विजेंद्र गुप्ता ने आज दी। इस संबंध में माननीय उपराज्यपाल की स्वीकृति प्राप्त होने के बाद, आठवीं विधानसभा के पांचवें सत्र को प्रारंभ करने के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है।
दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष श्री विजेंद्र गुप्ता ने यह भी अवगत कराया कि माननीय उपराज्यपाल ने आठवीं विधानसभा के चतुर्थ सत्र का तत्काल प्रभाव से सत्रावसान कर दिया है। इस औपचारिक आदेश के साथ ही पूर्व में चल रहे विस्तारित सत्रों का समापन हो गया है, जिससे नए सत्र के लिए सुव्यवस्थित रूप से मार्ग प्रशस्त हुआ है।
एक दिवसीय विशेष सत्र के लिए दिल्ली विधानसभा सचिवालय द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। हाल ही में प्राप्त बम धमकी की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए, विधानसभा परिसर में सुरक्षा व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ किया गया है। सदस्यों एवं कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली विधानसभा परिसर में कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए है।

