अमृतसर एयरपोर्ट पर टल गया बड़ा हादसा, टेक-ऑफ से पहले विमान से टकराया पक्षी
पंजाब के अमृतसर स्थित श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मंगलवार, 18 अगस्त की सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। अमृतसर से पुणे जाने वाली एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-1694 के टेक-ऑफ से ठीक पहले विमान से एक पक्षी टकरा गया। घटना के बाद सुरक्षा कारणों से फ्लाइट को रद्द कर दिया गया।
फ्लाइट को अमृतसर से पुणे के लिए सुबह करीब 4:25 बजे रवाना होना था। उड़ान भरने से पहले ही विमान से पक्षी के टकराने की घटना सामने आई। इसके बाद एयरलाइन ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान को उड़ाने का फैसला टाल दिया।
टेक-ऑफ से पहले हुआ बर्ड हिट
जानकारी के मुताबिक, विमान उड़ान भरने की तैयारी में था, तभी पक्षी उससे टकरा गया। घटना के बाद विमान की सुरक्षा और तकनीकी स्थिति की जांच की गई। एयर इंडिया एक्सप्रेस की ओर से एयरपोर्ट डायरेक्टर को भेजे गए पत्र में फ्लाइट कैंसिल होने की जानकारी दी गई थी।
बताया गया कि शुरुआती तौर पर फ्लाइट कैंसिलेशन की वजह तकनीकी समस्या बताई गई थी। बाद में दस्तावेज में की गई हस्तलिखित नोटिंग में पक्षी के विमान से टकराने का उल्लेख किया गया। फ्लाइट रिकॉर्ड में भी 18 अगस्त की उड़ान को कैंसिल दिखाया गया।
यात्रियों को विमान से उतारा गया
फ्लाइट रद्द होने के बाद विमान में मौजूद यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। यात्रियों का सामान भी विमान से निकालकर उन्हें वापस करने की प्रक्रिया शुरू की गई। अचानक उड़ान रद्द होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सुरक्षा कारणों से रद्द हुई उड़ान
बर्ड हिट के बाद विमान को उड़ाने के बजाय एयरलाइन ने सुरक्षा को प्राथमिकता दी। विमान की आवश्यक जांच और सुरक्षा प्रक्रिया के बाद ही आगे के संचालन को लेकर फैसला किया जाना था।
विमानों से पक्षियों के टकराने की घटनाएं एविएशन सेक्टर में गंभीर सुरक्षा चुनौती मानी जाती हैं। ऐसी स्थिति में विमान की तकनीकी जांच करना जरूरी होता है, ताकि किसी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके। …….ध्रुव सिंह

