दिल्ली के करोल बाग इलाके में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। प्यारे लाल रोड पर ज्वेलर्स के पास एक पुरानी इमारत का हिस्सा अचानक ढह गया। हादसा करीब दोपहर 12 बजे हुआ। उस समय इमारत में रिपेयरिंग और डेमोलिशन का काम चल रहा था। हादसे में तीन लोग मलबे के नीचे दब गए, जिनमें से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस और पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। दिल्ली फायर सर्विस के डिवीजनल ऑफिसर गोपाल मीना के मुताबिक, विभाग को प्यारे लाल रोड पर हादसे की सूचना मिली थी। टीम के मौके पर पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों और राहत टीम की मदद से दो-तीन घायलों को मलबे से बाहर निकाला जा चुका था। घायलों को इलाज के लिए जीवनमाला अस्पताल भेजा गया।
दमकल विभाग की टीम ने मौके पर तलाशी और बचाव अभियान जारी रखा, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि मलबे के नीचे कोई और व्यक्ति न फंसा हो। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
अधिकारियों के अनुसार, जिस इमारत में हादसा हुआ वह काफी पुरानी और जर्जर हालत में थी। इमारत में मरम्मत का काम चल रहा था और इसी दौरान उसका एक हिस्सा अचानक गिर गया। फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। जांच के बाद ही हादसे की सही वजह और इसमें किसी तरह की लापरवाही की जिम्मेदारी स्पष्ट हो सकेगी।
इस हादसे ने राजधानी दिल्ली में पुरानी और जर्जर इमारतों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर उन इमारतों में चल रहे मरम्मत या डेमोलिशन के काम के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन कितना हो रहा है, यह जांच का अहम विषय है। जैस्मिन कौर, मुख्य संवाददता दिल्ली

