CM Sukhu का बड़ा फैसला, हिमाचल के 150 CBSE स्कूलों में दिन में 3 बार लगेगी अटेंडेंस
शिमला: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राज्य के सरकारी स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश के 150 CBSE से संबद्ध सरकारी स्कूलों में अब छात्रों की उपस्थिति दिन में तीन बार दर्ज की जाएगी। मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग की बैठक की अध्यक्षता करते हुए इस व्यवस्था को लागू करने की घोषणा की।
नई व्यवस्था के तहत स्कूल पहुंचने के समय सुबह पहली अटेंडेंस होगी। इसके बाद लंच ब्रेक के दौरान दूसरी बार और स्कूल से छुट्टी के समय तीसरी बार उपस्थिति दर्ज की जाएगी। सरकार का उद्देश्य छात्रों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना, समय से पहले स्कूल छोड़ने की प्रवृत्ति पर रोक लगाना और स्कूलों में अनुशासन को मजबूत करना है।
शिक्षकों के लिए भी ड्रेस कोड होगा अनिवार्य
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने CBSE स्कूलों में शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग ड्रेस कोड निर्धारित करने की बात कही है। शिक्षकों के लिए निर्धारित ड्रेस कोड 1 अक्टूबर 2026 से अनिवार्य किया जाएगा।
सरकार शिक्षकों को ड्रेस खरीदने में मदद के लिए एकमुश्त 5,000 रुपये की विशेष आर्थिक सहायता भी देगी। वहीं, विद्यार्थियों की स्कूल यूनिफॉर्म को लेकर फैसला अगले एक सप्ताह के भीतर लिए जाने की बात कही गई है।
1,200 शिक्षकों की नियुक्ति, और भर्ती की तैयारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के इन CBSE स्कूलों में करीब 1,200 शिक्षकों की नियुक्ति पहले ही की जा चुकी है। आने वाले समय में जरूरत के अनुसार और शिक्षकों की भर्ती की जाएगी।
सरकार का कहना है कि इन स्कूलों के जरिए खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को उनके घर के नजदीक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। सरकार CBSE स्कूलों में शैक्षणिक माहौल और सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम कर रही है।
CBSE स्कूलों के लिए 80 करोड़ रुपये अतिरिक्त
CM सुक्खू ने यह भी घोषणा की कि राज्य सरकार इन 150 CBSE स्कूलों में सुधार और विद्यार्थियों व शिक्षकों की सुविधाओं को मजबूत करने के लिए अतिरिक्त 80 करोड़ रुपये उपलब्ध कराएगी।
इस राशि का इस्तेमाल स्कूलों में जरूरी सुविधाओं को बेहतर बनाने और शिक्षा के वातावरण को मजबूत करने के लिए किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग को इन सभी फैसलों का प्रभावी तरीके से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
ग्रामीण बच्चों को घर के पास मिलेगी बेहतर शिक्षा
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल स्कूलों में उपस्थिति बढ़ाना नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना भी है। खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों को अच्छे शैक्षणिक संस्थान और आधुनिक सुविधाएं उनके घर के नजदीक उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
सरकार के मुताबिक तीन बार अटेंडेंस, शिक्षकों के लिए ड्रेस कोड, अतिरिक्त शिक्षकों की नियुक्ति और स्कूलों में 80 करोड़ रुपये का निवेश मिलकर CBSE सरकारी स्कूलों की व्यवस्था को मजबूत करने में मदद करेंगे।
शिक्षा विभाग की बैठक में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, महाधिवक्ता अनूप रतन, शिक्षा सचिव राकेश कंवर समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन सुधारों को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए और स्कूलों की सुविधाओं तथा संचालन में लगातार सुधार किया जाए।
रिपोर्टर; सतविंदर, कौर मुख्य संवाददाता हरियाणा

