बिना लाइसेंस कुत्ता पालना पड़ेगा महंगा, लखनऊ नगर निगम ने चलाया चेकिंग अभियान
दीप सिंह, लखनऊ मुख्य संवाददाता, दैनिक रुस्तम-ए-हिंद
लखनऊ। पालतू कुत्तों के लाइसेंस को लेकर लखनऊ नगर निगम ने सख्ती बढ़ा दी है। नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर मंगलवार सुबह जोन-4 के गोमतीनगर क्षेत्र में पालतू श्वानों के लाइसेंस और रैबीज टीकाकरण की जांच के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। विशाल खंड, विराट खंड और लोहिया पार्क के आसपास सुबह करीब 6:30 बजे शुरू हुए अभियान में पशु कल्याण टीम के साथ प्रवर्तन दल, डॉग कैचिंग स्क्वाड और नगर निगम के कर्मचारी शामिल रहे।
बिना लाइसेंस मिले तो लगा जुर्माना
चेकिंग के दौरान बिना लाइसेंस कुत्ता पालने वाले तीन लोगों के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई की। तीनों से कुल 15 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके साथ ही मौके पर ही तीन नए डॉग लाइसेंस भी जारी किए गए। इस तरह अभियान के दौरान नगर निगम के कोष में कुल 18 हजार रुपये जमा हुए।
अभियान के दौरान कई ऐसे पालतू श्वान मालिक भी मिले, जिनके लाइसेंस और रैबीज वैक्सीनेशन से संबंधित दस्तावेज पूरे थे। नगर निगम की टीम ने ऐसे लोगों के दस्तावेजों की जांच की और नियमों के पालन की जानकारी भी दी।
शहर में करीब 10 हजार पालतू कुत्ते, लाइसेंस सिर्फ 3400
नगर निगम के आंकड़ों के अनुसार लखनऊ शहर में करीब 10 हजार पालतू कुत्ते पंजीकृत या अपंजीकृत रूप से मौजूद हैं। इनमें से अभी तक लगभग 3400 डॉग लाइसेंस ही बनाए गए हैं। नगर निगम का कहना है कि लाइसेंस व्यवस्था का उद्देश्य सिर्फ कुत्तों का पंजीकरण करना नहीं, बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा, स्वच्छता और पालतू श्वानों के स्वास्थ्य को सुनिश्चित करना भी है।
नगर निगम अब उन पालतू कुत्तों के मालिकों पर कार्रवाई करने की तैयारी में है, जिन्होंने अभी तक अपने श्वान का अनिवार्य लाइसेंस नहीं बनवाया है।
रैबीज प्रमाण पत्र के आधार पर बनेगा डॉग लाइसेंस
नगर निगम के मुताबिक डॉग लाइसेंस बनवाने के लिए रैबीज टीकाकरण प्रमाण पत्र और पालतू पशु अनुज्ञप्ति, नियंत्रण तथा विनियमन उपविधि-2025 के पालन संबंधी शपथ पत्र आवश्यक है।
पालतू कुत्ते का लाइसेंस नगर निगम की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन बनवाया जा सकता है। इसके अलावा पशु कल्याण अधिकारी कार्यालय, लालबाग और निर्धारित पशु चिकित्सालयों तथा पेट क्लिनिकों से भी लाइसेंस बनवाने की सुविधा उपलब्ध है।
नियमों का पालन करने की अपील
पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा ने बताया कि अभियान का उद्देश्य पालतू कुत्तों के मालिकों को डॉग लाइसेंस के साथ-साथ रैबीज जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करना भी है। उन्होंने पालतू श्वान मालिकों से समय पर रैबीज का टीकाकरण कराने, अनिवार्य लाइसेंस बनवाने और कुत्ते को टहलाते समय मजबूत लीश का इस्तेमाल करने की अपील की।
नगर निगम की ओर से स्पष्ट किया गया है कि आने वाले दिनों में भी अलग-अलग क्षेत्रों में इस तरह के चेकिंग अभियान जारी रह सकते हैं। ऐसे में पालतू कुत्तों के मालिकों को अपने लाइसेंस और टीकाकरण से जुड़े दस्तावेज पूरे रखने की सलाह दी गई है।
रिपोर्टर; ध्रुव सिंह, मुख्य संवाददाता पंजाब
दैनिक रुस्तम-ए-हिन्द
सत्य, न्याय और राष्ट्रहित की निर्भीक आवाज़
Rustam-E-Hind Hindi Daily Newspaper
https://l1nq.com/zvf3zgb
सब्स्क्राइब करें।

