मानसूनी वर्षा के चलते छत्तीसगढ़ के नदी-नालों में इन दिनों जलस्तर बढ़ गया है। इसके चलते हादसे भी हो रहे हैं। जशपुरनगर में हर्रामोड़ पर ईब नदी पर बने पुल से बाइक गिर जाने से दो लोगों की मौत हो गई। राजनांदगांव जिले के खैरागढ़ ब्लाक के बाघमर्रा-करमतरा के बीच उफनते नाले में बहे युवक का पता नहीं चल पाया है। दुर्ग जिले में शिवनाथ नदी में फंसे तीन लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित निकाला गया।जानकारी के अनुसार जशपुर में सन्ना थाना क्षेत्र के ग्राम ननहेसर के पास स्थित ईब नदी के पुल की रेलिंग से टकराकर बाइक गिर गई। इससे दो युवकों की पानी में डूबने से मौत हो गई। उनकी पहचान शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के जामहाटी निवासी प्रेम कुमार नगेसिया (25) और सारू कुमार (25) के रूप में की गई है।दोनों सन्ना थाना क्षेत्र के सकईडीपा में मेहमानी करने आए थे। वापसी के दौरान यह दुर्घटना हुई। खैरागढ़ के नाले में बहे युवक रूपेश साहू को गोताखोर गुरुवार को भी नहीं खोज पाए। बालोद में लोहारा के ग्राम गणेश खपरी निवासी पोषण देवांगन (22) नाले में नहाने के दौरान बह गया। वह बीए अंतिम वर्ष का छात्र था। उसके साथ गया एक अन्य युवक तैरकर बाहर आ गया।


Comments are closed.