प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर उत्तर प्रदेश में कई खास आयोजन किए गए। प्रयागराज में जहां ‘हनुमान अंश’ फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग के साथ जन्मदिन मनाया गया, वहीं रायबरेली के ऊंचाहार में प्रधानमंत्री की दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना को लेकर सवा करोड़ महामृत्युंजय मंत्र का सामूहिक जाप किया गया। दोनों आयोजनों में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी रही।
प्रयागराज में ‘हनुमान अंश’ की स्पेशल स्क्रीनिंग
प्रयागराज में उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी की ओर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। सिविल लाइंस स्थित पीवीआर सिनेमा में ‘हनुमान अंश’ फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग कराई गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर यहां केक काटकर जश्न भी मनाया गया।
आयोजकों के मुताबिक फिल्म की स्क्रीनिंग 17 से 20 सितंबर तक की जा रही है। बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और उनके परिवारों के लिए फिल्म देखने की व्यवस्था की गई है। फिल्म भगवान हनुमान की भक्ति और नीब करौरी बाबा के जीवन से जुड़ी कहानी पर आधारित बताई गई है।
केक कटिंग के बाद सिनेमा हॉल में फिल्म की स्क्रीनिंग शुरू हुई। दर्शकों से भरे हॉल में फिल्म के दौरान भक्तिमय माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना भी की गई।
ब्लड डोनेशन कैंप भी लगाया गया
प्रयागराज में जन्मदिन के मौके पर सेवा संकल्प अभियान के तहत रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। आयोजकों के अनुसार बीजेपी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने रक्तदान किया।
इस अभियान के जरिए प्रधानमंत्री के जन्मदिन को सेवा और सामाजिक भागीदारी से जोड़ने की बात कही गई। प्रयागराज में फिल्म स्क्रीनिंग के अलावा अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
ऊंचाहार में सवा करोड़ महामृत्युंजय मंत्र का जाप
रायबरेली के ऊंचाहार में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर बड़ा धार्मिक आयोजन हुआ। कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय के आह्वान पर आयोजित कार्यक्रम में पांच लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से सवा करोड़ महामृत्युंजय मंत्र का जाप किया।
यह आयोजन श्री शिवमहापुराण कथा के दौरान हुआ। पंडित प्रदीप मिश्रा के सानिध्य में वैदिक विधि-विधान से अनुष्ठान किया गया। शंखनाद, डमरू और ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष के बीच श्रद्धालुओं ने प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और मंगलमय जीवन की कामना की।
धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से मनाया गया जन्मदिन
इस तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर उत्तर प्रदेश में अलग-अलग जिलों में सेवा, धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रयागराज में ‘हनुमान अंश’ की स्क्रीनिंग और रक्तदान शिविर हुआ, जबकि ऊंचाहार में लाखों श्रद्धालुओं ने महामृत्युंजय मंत्र का सामूहिक जाप किया।
रिपोर्टर; गरिमा छाबड़ा, विशेष रिपोर्टर, विपणन प्रबंधक, जनसंपर्क प्रबंधक
दैनिक रुस्तम-ए-हिन्द
सत्य, न्याय और राष्ट्रहित की निर्भीक आवाज़
Rustam-E-Hind Hindi Daily Newspaper
https://l1nq.com/zvf3zgb
सब्स्क्राइब करें।

