समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्य मंत्री विश्राम सिंह यादव का 92 वर्ष की उम्र में आगरा के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर सामने आते ही समाजवादी पार्टी और इटावा के राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
विश्राम सिंह यादव इटावा के जसवंत नगर विधानसभा क्षेत्र के रहने वाले थे और समाजवादी विचारधारा से लंबे समय से जुड़े रहे। उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव का करीबी मित्र माना जाता था। दोनों ने इटावा के कर्मक्षेत्र महाविद्यालय से साथ में स्नातक की पढ़ाई की थी।
विश्राम सिंह यादव पेशे से इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य रहे। बताया जाता है कि उन्होंने 1967 से समाजवादी आंदोलन और पार्टी को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाई। वह मुलायम सिंह यादव के साथ साइकिल से क्षेत्र में चुनाव प्रचार के लिए भी जाते थे और समाजवादी विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने में योगदान देते रहे।
राजनीतिक जीवन में विश्राम सिंह यादव ने प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री का पद भी संभाला। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी उनका सम्मान करते थे। उनके निधन से पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं में शोक का माहौल है।
जसवंत नगर में आयोजित अंतिम संस्कार में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव और प्रोफेसर रामगोपाल यादव पहुंचे। दोनों नेताओं ने विश्राम सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनकी अर्थी को कंधा भी दिया।
विश्राम सिंह यादव के निधन को समाजवादी राजनीति और इटावा क्षेत्र के लिए एक बड़ी क्षति के तौर पर देखा जा रहा है। उनके लंबे राजनीतिक और सामाजिक जीवन के दौरान पार्टी से जुड़े उनके योगदान को समर्थकों और शुभचिंतकों ने याद किया।
रिपोर्टर; गरिमा छाबड़ा, विशेष रिपोर्टर, विपणन प्रबंधक, जनसंपर्क प्रबंधक
दैनिक रुस्तम-ए-हिन्द
सत्य, न्याय और राष्ट्रहित की निर्भीक आवाज़
Rustam-E-Hind Hindi Daily Newspaper
https://l1nq.com/zvf3zgb
सब्स्क्राइब करें।

