लखनऊ में ₹2250 के लिए दोस्त की हत्या, शराब पिलाकर करंट लगाया और शव घर के बाहर फेंका
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बिजनौर थाना क्षेत्र में दोस्ती और भरोसे को तार-तार करने वाला हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, एक युवक ने महज 2250 रुपये के लालच में अपने दोस्त सचिन उर्फ राजा की हत्या कर दी। आरोपी ने पहले सचिन के साथ शराब पी और उसके नशे में बेसुध होने के बाद बिजली के तार और लोहे के कूलर की मदद से उसे करंट लगाया। इसके बाद शव को घर से करीब 300 मीटर दूर दूसरे मकान के बाहर छोड़ दिया, ताकि मामला हादसा लगे। पुलिस ने आरोपी बिरजू को गिरफ्तार कर लिया है।
बाइक गिरवी रखकर जुटाए थे पैसे
पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर को सचिन को पैसों की जरूरत थी। उसने अपनी बाइक एक परिचित के पास गिरवी रख दी थी। बाइक से मिले पैसों से सचिन और उसका दोस्त बिरजू शराब लेकर बिरजू के कमरे पर पहुंचे। दोनों ने वहां शराब पी। ज्यादा शराब पीने के बाद सचिन बेसुध होकर बिस्तर पर पड़ गया।
इसी दौरान बिरजू की नजर सचिन के पास बचे पैसों पर पड़ी। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसके मन में उन पैसों को हड़पने का लालच आया और उसने सचिन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
लोहे के कूलर और बिजली के तार से लगाया करंट
पुलिस के मुताबिक, सचिन के बेसुध होने के बाद बिरजू ने कमरे में रखे लोहे के कूलर और बिजली के खुले तार का इस्तेमाल कर उसे करंट लगाया। करंट लगने से सचिन की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने उसकी जेब से बचे हुए 2250 रुपये निकाल लिए।
पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद आरोपी ने घटना को हादसा दिखाने की कोशिश की। उसने सचिन के शव को घसीटकर घर से करीब 300 मीटर दूर एक मकान के बाहर दीवार के सहारे रख दिया और वहां से चला गया।
1 अक्टूबर को दर्ज हुई थी हत्या की रिपोर्ट
सचिन के पिता मेडीलाल ने 1 अक्टूबर को बिजनौर थाने में हत्या की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बिरजू, तेजू और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
जांच के लिए पुलिस की तीन टीमें बनाई गईं। टीमों ने करीब 170 से 190 सीसीटीवी फुटेज खंगालीं और तकनीकी साक्ष्यों के साथ स्थानीय स्तर पर भी जानकारी जुटाई। इसके बाद पुलिस ने नामजद आरोपी बिरजू को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बरामद किए हत्या में इस्तेमाल सामान
पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल बिजली का तार, लोहे का कूलर और उसका स्टैंड बरामद किया। इसके अलावा मृतक से लिए गए 2250 रुपये भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, मामले में सबूत मिटाने और लूट से संबंधित बीएनएस की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
तेजू और दूसरे आरोपी की भूमिका की जांच
इस मामले में मृतक के पिता ने बिरजू के साथ तेजू और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भी शिकायत दी थी। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि हत्या में इन दोनों की कोई भूमिका थी या नहीं। फिलहाल पुलिस ने बिरजू को गिरफ्तार किया है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले की कड़ियां जोड़ीं। महज कुछ हजार रुपये के लालच में दोस्त की हत्या का यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
रिपोर्टर; ध्रुव सिंह, मुख्य संवाददाता पंजाब दैनिक रुस्तम-ए-हिन्द
सत्य, न्याय और राष्ट्रहित की निर्भीक आवाज़
Rustam-E-Hind Hindi Daily Newspaper
https://l1nq.com/zvf3zgb
सब्स्क्राइब करें।


