लुधियाना में पूर्व सरपंच की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार हमलावरों ने कार पर बरसाईं गोलियां
पंजाब के लुधियाना में शनिवार देर शाम गांव मनेवाल के पूर्व सरपंच नवतेज सिंह उर्फ नीटू की गोली मारकर हत्या कर दी गई। करीब 60 वर्षीय नवतेज सिंह अपनी इनोवा कार से खेत से घर लौट रहे थे। इसी दौरान लाडोवाल बाईपास पर साउथ सिटी रोड के पुल के पास बाइक सवार हमलावरों ने उनकी कार को घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब 10 राउंड गोलियां चलाईं। फायरिंग में नवतेज सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें डीएमसी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही लाडोवाल थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
खेत से घर लौट रहे थे नवतेज सिंह
नवतेज सिंह मनेवाल गांव के पूर्व सरपंच थे और उनका घर घुमार मंडी के कृष्णा नगर में था। शनिवार शाम वह मनेवाल स्थित अपनी जमीन पर चल रहे काम को देखने के बाद इनोवा कार से घर लौट रहे थे। पुलिस के अनुसार, शाम करीब 6:30 बजे जब वह लाडोवाल टोल प्लाजा से साउथ सिटी रोड की ओर जा रहे थे, तभी दो बाइक सवार युवकों ने उनकी कार को रोककर हमला कर दिया।
हमलावरों ने पहले सामने से कार पर फायरिंग की और इसके बाद कार के पीछे जाकर ड्राइवर की तरफ से भी गोलियां चलाईं। इस हमले में कार का शीशा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वारदात के बाद दोनों आरोपी बाइक से मौके से फरार हो गए।
डैशकैम में कैद हुई वारदात
पुलिस को घटना से जुड़ी डैशकैम फुटेज भी मिली है। परिजनों ने यह फुटेज पुलिस को सौंप दी है। फुटेज में दो बाइक सवार हमलावर दिखाई दे रहे हैं और फायरिंग की पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। पुलिस अब इस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
इसके साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों के आने और वारदात के बाद फरार होने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
जमीन विवाद का एंगल भी सामने आया
प्रारंभिक जांच में पुलिस हत्या के पीछे जमीन विवाद समेत कई संभावित कारणों की जांच कर रही है। परिजनों की ओर से पुराने जमीन विवाद की बात सामने आने के बाद पुलिस इस एंगल को भी गंभीरता से देख रही है। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह और हमलावरों की पहचान को लेकर जांच जारी है।
पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं और मामले में आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हमले की साजिश किसने रची और बाइक सवार शूटरों को किसने भेजा था। जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के पीछे की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी।
नवतेज सिंह की हत्या के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज, डैशकैम रिकॉर्डिंग और परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।
रिपोर्टर; ध्रुव सिंह, मुख्य संवाददाता पंजाब दैनिक रुस्तम-ए-हिन्द
सत्य, न्याय और राष्ट्रहित की निर्भीक आवाज़
Rustam-E-Hind Hindi Daily Newspaper
https://l1nq.com/zvf3zgb
सब्स्क्राइब करें।


