Banswara: 11 Years Of Modi Govt Babulal Kharari Says Emphasis On Service Good Governance Water Conservation – Banswara News – Banswara:मोदी सरकार के 11 साल पर मंत्री बाबूलाल खराड़ी बोले
‘2014 से पहले घपले-घोटाले, अब विकास की गाथा’
मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए जनजाति मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने कहा कि 2014 से पहले की केंद्र सरकार ने घपलों और घोटालों के जरिए देश को वैश्विक मंच पर शर्मसार किया था। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने नई ऊंचाइयां छुई हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, रोजगार, चिकित्सा, किसान हित और सैन्य शक्ति के क्षेत्र में भारत ने सक्षम और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। खराड़ी ने राम मंदिर निर्माण, धारा 370 हटाने और वक्फ संशोधन बिल जैसे ऐतिहासिक कार्यों का उल्लेख कर कहा कि ये भारत की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के साथ-साथ नए भारत के निर्माण के प्रतीक हैं। उन्होंने यह भी बताया कि नक्सलवाद को लगभग समाप्त करने में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
यह भी पढ़ें- Sirohi News: सहकारी बैंक के बकायादार ऋणियों के लिए राहत, एकमुश्त समझौता योजना 30 जून 2025 तक
जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की अपील
जिला प्रभारी दिनेश भट्ट ने वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान को भव्य और गुणवत्तापूर्ण बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं और प्रशासन को मिलकर इस अभियान को सफल बनाना होगा। गढ़ी विधायक कैलाश मीणा ने कहा कि केंद्र और राजस्थान की भजनलाल शर्मा सरकार जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाना चाहती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के जिला संयोजक हकरू मईडा ने इस अभियान के महत्व पर प्रकाश डाला और इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
भारत की बढ़ती सैन्य शक्ति और आत्मनिर्भरता
जिला अध्यक्ष पूंजीलाल गायरी ने कहा कि मोदी सरकार ने जल, नभ और थल पर भारत की सैन्य शक्ति को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि यह नया भारत है, जो न रुकने वाला, न झुकने वाला और न थमने वाला है। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता ने वैश्विक मंच पर भारत का मान बढ़ाया है। गायरी ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का निर्माण मोदी सरकार की प्राथमिकता रहा है। यह देश अब एकजुट होकर विकास के पथ पर अग्रसर है।
शौर्य चक्र विजेता का सम्मान और पौधरोपण
कार्यशाला के बाद शौर्य चक्र से सम्मानित बांसवाड़ा निवासी राजेश पंचाल का विशेष सम्मान किया गया। जनजाति मंत्री बाबूलाल खराड़ी, जिला अध्यक्ष पूंजीलाल गायरी और अन्य अतिथियों ने उन्हें साफा बांधकर और भगवान राम की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया। इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए मंत्री खराड़ी ने भाजपा जिला कार्यालय में पीपल का पौधा लगाया। इस अवसर पर जिला प्रभारी दिनेश भट्ट, राजेश कटारा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- Barmer Weather: 45 डिग्री के करीब पहुंचा पारा; हीटवेव का अलर्ट जारी; छह साल में सबसे गर्म दिन रहा रविवार
कार्यशाला में कई प्रमुख नेताओं ने अपने विचार साझा किए। पूर्व सांसद मानशंकर निनामा, पूर्व मंत्री धनसिंह रावत, भीमा भाई डामोर, कृष्णा कटारा, जिला प्रमुख रेशम मालविया, पूर्व जिला अध्यक्ष ओम पालीवाल, भगवत पूरी, मनोहर पटेल, गोविंद सिंह राव, लाभचंद पटेल, पूर्व विधायक गोपीचंद मीणा, दलीचंद मईडा, राजेश कटारा, धर्मेंद्र राठौड़, प्रधान बलवीर रावत, कान्हिंग रावत और निर्मला मकवाना ने भी उपस्थित लोगों को संबोधित किया। संचालन संकल्प से सिद्धि अभियान के जिला संयोजक दीपक जोशी ने किया, जबकि जिला मंत्री सुनील दोसी ने आभार व्यक्त किया।

Comments are closed.