Bihar News : Chhath Geet Sharda Sinha Released From Aiims Delhi Singer Sharda Sinha Chhath Puja 2024 Songs – Amar Ujala Hindi News Live

शारदा सिन्हा कई वर्षोँ से कैंसर से जूझ रहीं, जिसका खुलासा अब जाकर किया है।
– फोटो : amar ujala digital
विस्तार
दुखवा मिटाईं छठी मईया… स्वर साधिका शारदा सिन्हा ने छठी मईया से गुहार लगाई है। स्वास्थ्य समस्या से जूझ रही 72 वर्षीय शारदा सिन्हा को विश्वास है कि छठी मईया उनकी पुकार सुनेंगी और वे अपने प्रशंसकों के बीच स्वस्थ होकर ज़रूर लौटेंगी। लगभग छह दर्जन छठ के गीतों को अपने स्वरों से सजा चुकीं शारदा सिन्हा हर साल एक नया छठ गीत का वीडियो रिलीज करती हैं। सो, इस सिलसिला को उन्होंने आगे बढ़ाने की इच्छा अपने बेटे अंशुमान से जाहिर की और अंशुमान ने ‘दुखवा मिटाईं छठी मईया’ का ऑडियो रिलीज किया। अस्वस्थ होने की वजह से गाने का वीडियो नहीं बन पाया, इसलिए इसका ऑडियो फॉर्मेट ही रिलीज किया गया है। शारदा सिन्हा ने जिस श्रद्धा भावना से अभिभूत होकर इस गाने को गाया है, यह उनके प्रशंसकों के लिए नायाब तोहफ़ा है।
छठ पर हर जगह बज रहा- ‘रुनकी झुनकी बेटी मांगीला, पढ़ल पण्डितवा दामाद
पटना के घाटे पर देब हम अरघिया ए छठी मईया… सहित अन्य छठ गीतों के स्वर घर-घर में गुंजायमान हैं। स्वर कोकिला पद्मभूषण शारदा सिन्हा के छठ गीतों की लोकप्रियता ऐसी है कि उनकी आवाज से ही माहौल बनता है। शारदा सिन्हा के गाये छठ गीतों के बोल देश के विभिन्न हिस्सों तक ही सीमित नहीं, वरन सात समंदर पार भी बसे बिहार एवं यूपी के छठ व्रतियों के बीच गुंजायमान होते हैं। इस बीच, लोगों की जेहन में रचीं-बसीं सुप्रसिद्ध लोक गायिका शारदा सिन्हा अपनी स्वास्थ्य समस्याओं के कारण अस्पताल में भर्ती हैं। ऐसे में, उनके लाखों प्रशंसकों के हाथ दुआओं के लिए उठे हैं। वे छठी मईया और सूरज देव से शारदा सिन्हा के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं- हे सुरुज देव, हे आदित नाथ सुन लीं अरजिया हमार…। उन्हें छठी मईया पर पूरा विश्वास है कि उनकी प्रार्थना का असर होगा और शारदा सिन्हा उनके बीच स्वस्थ होकर आएंगी और लोकगीतों के स्वरों को और ऊंचाई मिलेगी।
पिछले महीने पति के देहांत के बाद अपनी बीमारी की जानकारी सार्वजनिक की
पिछले महीने शारदा सिन्हा के पति ब्रजकिशोर सिन्हा का ब्रेन हेमरेज के कारण देहांत हो गया। जीवनसाथी के बिछोह से उन्हें मर्मान्तक पीड़ा हुई और उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ने लगी। उन्हें नई दिल्ली स्थित एम्स में भर्ती कराया गया है और ऑन्कोलॉजी विभाग में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। उनके पुत्र अंशुमान सिन्हा ने बताया कि शारदा सिन्हा 2017-18 से मल्टीपल मायलोमा से पीड़ित हैं और उनका इलाज लगातार मुंबई और दिल्ली के डॉक्टरों की देखरेख में चल रहा था। बावजूद उन्होंने अपनी संगीत यात्रा जारी रखी है।

Comments are closed.