Bihar News : Mandal President Shot Dead Murder Case, Wife Won Bihar Pacs Election Nabi Nagar Aurangabad Bihar – Amar Ujala Hindi News Live

मृतक व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय सिंह का प्रोफाइल फोटो
– फोटो : अमर उजाला डिजिटल
विस्तार
अपराधियों ने नबीनगर व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय सिंह (48) की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना माली थाना क्षेत्र के सोनौरा पुल के पास की है। मृतक नरारी कला खुर्द थाना क्षेत्र के अंकोरहा गांव के रहने वाले थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। संजय सिंह नबीनगर के पूर्व प्रमुख राजेन्द्र सिंह के भतीजे हैं एवं इनकी पत्नी अभी वर्तमान में पैक्स अध्यक्ष की पद पर निर्वाचित हुई है।
गाड़ी रुकवाकर कनपटी में मारी गोली
घटना के संबंध में परिजनों का कहना है कि व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय सिंह अपने कार में सवार होकर औरंगाबाद से बैरिया होते हुए घर लौट रहे थे। इस दौरान माली थाना क्षेत्र के सोनौरा पुल पर पहले से घात लगाकर बैठे अपराधियों ने उनकी कार को रुकवाया और कनपटी में सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही उनकी मौत हो गई। व्यापार मंडल अध्यक्ष के मौत की खबर इलाके में आग की तरफ फैल गई, जिसके बाद काफी संख्या में लोग जमा हो गए। फिलहाल मृतक का शव उनके आवास पर है तथा पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।
पैक्स चुनाव में पत्नी हुई थी विजयी
जानकारी के अनुसार विगत 26 नवंबर को अंकोरहा पैक्स में हुई चुनाव में उनकी पत्नी मीना देवी अध्यक्ष बनी थी। चुनावी रंजिश में व्यापार मंडल अध्यक्ष के हत्या की चर्चा इलाके में है। ग्रामीणों का कहना है कि पैक्स चुनाव के मतगणना के बाद सोनौरा के पैक्स अध्यक्ष पद के प्रत्याशी ब्रजेश मेहता के साथ भी उनकी कहा-सुनी हुई थी। व्यापार मंडल अध्यक्ष की मौत को लोग उक्त घटना से भी जोड़कर देख रहे हैं।
पूर्व पैक्स अध्यक्ष से हुई थी कहा-सुनी
ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में ब्रजेश मेहता सोनौरा पैक्स के अध्यक्ष थे। इस बार चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद वह अपने हार का कारण व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय सिंह को ही बता रहे थे। हालांकि पुलिस मौत से जुड़े सभी बिंदुओं पर गहन छानबीन कर रही है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया की जा रही है। घटना के बाद एसडीपीओ संजय कुमार पांडेय घटनास्थल के लिए रवाना हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि अपराधियों का पता लगाया जा रहा है। किसी भी कीमत पर अपराधियों को बख्सा नहीं जाएगा। जल्द ही घटना को अंजाम देने वाले अपराधी पुलिस गिरफ्त में होंगे। इधर एसपी ने कहा कि इस घटना में जो भी लोग शामिल होंगे, उन्हें किसी भी कीमत पर नही छोड़ा जाएगा।

Comments are closed.