Bjp State President Rajeev Bindal Said- Congress Government Only Enjoyed Power In 18 Months, There Will Be A D – Amar Ujala Hindi News Live – Hp Politics:बिंदल बोले

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल
– फोटो : संवाद
विस्तार
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि पार्टी के साथ धोखा करने वालों और उन्हें पार्टी से निष्कासित करने के बारे में चिंतन किया जाएगा। उन्होंने यह बात भाजपा जिला ऊना कार्यालय में पत्रकार वार्ता में कही। इस दौरान बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर जमकर जुबानी हमला बोला। कहा कि यदि कांग्रेस सरकार ताकतवर हुई है तो जनता की सेवा करके दिखाए ना कि जनता के हक छीन कर। कांग्रेस पार्टी की सरकार ने 18 महीने में प्रदेश को 10 वर्ष पीछे ले जाने का काम किया है, हिमाचल में विकास का एक भी कार्य कांग्रेस नहीं कर पाई है। हम बार-बार पूछते हैं पर कांग्रेस के नेता विकास के मुद्दे पर मौन रहते है।
कांग्रेस ने केवल मात्र सत्ता सुख भोगने का काम किया है। बिंदल में सरकार पर सवाल उठाया कि क्या यह सरकार मित्रों को लाभ पहुंचने वाली सरकार है। बिंदल ने कहा कि इस सरकार में केवल बंद, बंद व बंद का कार्य हुआ है। 1500 से ज्यादा संस्थान बंद, 350 स्कूल बंद, 800 स्कूलों का विलय, 125 यूनिट बिजली बंद, सहारा योजना, हिम केयर बंद। कहा कि बड़ी बात यह है कि इन सभी जन विरोधी निर्णयों को सरकार अपनी उपलब्धियों में गिना रही है। इस सरकार ने डीजल-पेट्रोल महंगा कर जनता पर बोझ बढ़ाने का काम किया। प्रदेश में लंबे समय से 300 यूनिट फ्री बिजली प्रदान करने का सरकार ने शोर तो बहुत मचाया था लेकिन उसके बाद सरकार ने जयराम ठाकुर द्वारा दिए गए 125 यूनिट भी जनता से छीन लिए।
व्यवस्था बैठक में जुड़े डॉ. बिंदल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने भाजपा कार्यसमिति बैठक को लेकर व्यवस्था बैठक में भाग लिया और आने वाली कार्यसमिति का पूर्ण जायजा लिया। बैठक में भाजपा प्रदेश महामंत्री सिद्धार्थन, बिहारी लाल शर्मा, सांसद सिकंदर कुमार, जिला अध्यक्ष बलबीर चौधरी, संजीव कटवाल, सुमित शर्मा, डेजी ठाकुर, कर्ण नंदा, राकेश शर्मा, राजेश ठाकुर, अंकुश दत्त, संजीव देष्टा, मुनीश चौहान, राज कुमार पठानिया उपस्थित रहे।

Comments are closed.