Dholpur:पानी के तेज बहाव में फंसे दमोह झरना घूमने आए चार युवक, पुलिस ने रस्सी की सहायता से बचाया – Four Youths Came To Visit Damoh Waterfall Trapped In Strong Current Of Water In Dholpur

युवकों को बचाने में जुटी पुलिस।
– फोटो : Amar Ujala Digital
विस्तार
धौलपुर में सरमथुरा थाना इलाके में शनिवार को दमोह झरना घूमने आए चार युवकों की जिंदगी खरवाई नाले के तेज बहाव में फंस गई। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। मौके पर पहुंची सरमथुरा थाना पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद रस्सी की मदद से चारों युवकों को सकुशल रेस्क्यू कर लिया गया।
थाना प्रभारी देवेंद्र शर्मा ने बताया शनिवार को थाना इलाके के ऐतिहासिक दमोह झरने को घूमने टोडाभीम निवासी ललित मीणा, विजय कुमार मीणा, रजत कुमार मीणा एवं रवि मीणा आए हुए थे। चारों युवक दमोह झरना घूमने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान तेज बारिश होने की वजह से खरवाई नाले को पार करते समय पानी का तेज बहाव आ गया। चारों युवक पानी के अंदर एक टापू पर फंस गए। चारों युवकों ने चीखना चिल्लाना शुरू कर दिया और बचाने की गुहार लगाने लगे। उन्होंने बताया आस-पास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। पुलिस कंट्रोल रूम की सूचना पर उपनिरीक्षक देवेश कुमार, चालक संदीप शर्मा, कॉन्स्टेबल सुमेर सिंह एवं पुलिस मित्र सोनू सिंह को मौके पर भेजा गया। उन्होंने बताया रस्सी की मदद लेकर पुलिस के जवान पानी के तेज बहाव में उतर गए। करीब 1 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चारों युवकों को पुलिस ने सकुशल रेस्क्यू कर लिया। चारों युवकों की जिंदगी बचने के बाद पुलिस का धन्यवाद भी उन्होंने ज्ञापित किया।
पुलिस ने लगाई जान की बाजी
बरसात होने की वजह से खरवाई नाले में तेज बहाव के साथ उफान आया हुआ था। दमोह झरना देखने के बाद चारों युवक नाला क्रॉस कर रहे थे। इसी दौरान बीच मझधार में पानी का तेज बहाव आ गया और चारों युवक बीच नाले में एक पत्थर के टापू पर फस गए। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बिना समय गवाएं भारी भरकम रस्से का प्रबंध किया। उप निरीक्षक देवेंद्र कुमार समेत चालक संदीप शर्मा कॉन्स्टेबल सुमेर सिंह एवं पुलिस मित्र सोनू मीणा जान की बाजी लगाकर पानी में उतर गए। घंटे के सार्थक प्रयास के बाद चारों जिंदगियों को सकुशल बचा लिया गया।
एसपी की अपील, पानी के तेज बहाव से दूर रहे लोग
पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने समाज के लोगों से अपील करते हुए कहा वर्तमान समय बरसात का चल रहा है। बरसात के सीजन में नदी, नाले, तालाब एवं पोखरों में आए दिन हादसे होते रहते हैं। उन्होंने अपील करते हुए कहा पानी से खिलवाड़ जीवन के लिए भारी पड़ सकती है। नदी, नाले एवं झरनों से दूरी बनाए रखें एवं रास्तों पर पानी का तेज बहाव होने पर जान जोखिम में नही डालें।


Comments are closed.