Farmers Protest: Farmers Removed From Shambhu And Khanauri Border, Police Force Deployed – Amar Ujala Hindi News Live

एक साल से ज्यादा समय से पंजाब हरियाणा के शंभू और खनौरी बॉर्डर पर चल रहे किसान आंदोलन 2.0 पर बुधवार रात पुलिस ने पूरी योजना के साथ बड़ा एक्शन किया। भारी पुलिस फोर्स ने दोनों बॉर्डरों से किसानों को हिरासत में ले लिया। इस दौरान जिन किसानों ने पुलिसिया एक्शन का विरोध किया, उन्हें जबरन बसों में बिठाया गया। साथ ही बॉर्डरों पर किसानों द्वारा बनाई स्टेज, अस्थायी घरों को भी ढहा दिया गया। किसानों की ट्रैक्टर-ट्रालियों को भी बॉर्डरों से हटा दिया गया। शंभू और खनौरी मोर्चे से महिलाओं को वाहनों से उनके घरों के लिए रवाना किया गया। कई किसान खुद ही मोर्चे से घरों के लिए निकल लिए। क्रेन और जेसीबी से किसानों के पक्के कब्जे तोड़े जा रहे हैं। अब बृहस्पतिवार से राजमार्ग शुरू हो जाएगा।
