सोनिया विहार इलाके की घटना, मामला दर्ज कर आरोपी किराएदार की तलाश में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। सोनिया विहार इलाके के चौहान पट्टी गांव में सोमवार तड़के पटाखे के अवैध गोदाम में आग लग गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। गोदाम से एक व्यक्ति का झुलसा हुआ शव मिला, जिसकी पहचान नहीं हो पाई है। घटना के बाद से गोदाम को किराए पर लेने वाला जावेद फरार है। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रही है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि सोमवार तड़के चार बजे पुलिस को चौहान पट्टी स्थित एक गोदाम में आग लगने की जानकारी मिली। दमकल अधिकारियों ने बताया कि गोदाम में अवैध रूप से पटाखे रखे थे। आग लगते ही पटाखों में धमाका होने लगा और पटाखे दूर-दूर तक गिरे। दमकल कर्मियों ने पांच गाड़ियों की मदद से करीब एक घंटे में आग पर काबू पा लिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। छानबीन में पता चला कि गोदाम सभापुर गांव निवासी कृष्ण का है। पूछताछ में पता चला कि उसने गोदाम को वजीराबाद निवासी जावेद को किराए पर दिया था। पुलिस ने जावेद के घर पर दबिश दी, लेकिन वह वहां से फरार है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि जावेद की गिरफ्तारी के बाद ही मृतक की पहचान हो पाएगी। आशंका है कि मरने वाला गोदाम में काम करता था।

Comments are closed.