
कछला घाट पर दुकानों तक पहुंचा पानी
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश से गंगा का जलस्तर पांच दिन से लगातार बढ़ रहा है। पिछले 24 घंटे में नरौरा बांध से पानी छोड़े जाने की वजह से 56 सेंटीमीटर गंगा के जलस्तर में इजाफा हुआ है। अगले 12 से 15 घंटे में पानी अभी और बढ़ेगा। बदायूं जिले में जलस्तर बढ़ने से गंगा किनारे बसे 22 गांव बाढ़ के खतरे में हैं। निचले हिस्सों में खेत डूबने की स्थिति में हैं। फसलें भी बर्बाद हो सकती हैं। बाढ़ खंड विभाग ने सभी चौकियों को अलर्ट कर दिया है।
मानसून आने के बाद मैदानी क्षेत्र के साथ-साथ पहाड़ों पर भी जमकर बारिश हो रही है। इस कारण गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। शनिवार सुबह कछला पर गंगा का गेज 160.26 सेंटीमीटर रिकॉर्ड किया गया था, जो अब बढ़कर 160.82 सेंटीमीटर हो गया है। पिछले 24 घंटे में गंगा में 56 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
रविवार सुबह छह बजे नरौरा से 8862 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। दोपहर में दो बजे इसको बढ़ाकर 76,000 क्यूसेक पानी और छोड़ा गया। यह पानी जिले में 12 से 15 घंटे में प्रवेश कर जाएगा। इससे गंगा का जलस्तर और बढ़ेगा। शाम तक और पानी छोड़े जाने की उम्मीद है। बाढ़ खंड के जिला स्तरीय अधिकारियों ने भी गंगा नदी के तटबंधों की ओर रुख कर लिया है ताकि मौके की सही जानकारी मिल सके।

Comments are closed.