सोने के तेवर कम होते नहीं दिख रहे। सोने का वायदा भाव 4 अप्रैल की डिलीवरी अनुबंध के लिए मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर शुक्रवार को सुबह 11 बजकर 42 मिनट पर पिछले सत्र के मुकाबले 0.64 प्रतिशत की उछाल के साथ ₹88,950 प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। शुक्रवार को सोने की कीमतें नए सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गईं। एमसीएक्स की ऑफिशियल वेबसाइट के मुताबिक, 4 अप्रैल 2025 की डिलीवरी अनुबंध के लिए चांदी की वायदा कीमत भी 0.31 प्रतिशत की तेजी के साथ ₹1,01,626 प्रति किलो थी। सोना लगातार ऊंचाई पर बना हुआ है।
2025 में कम से कम 15 रिकॉर्ड टूटे
खबर के मुताबिक, सोना अब तक सालाना आधार पर लगभग 16 प्रतिशत की बढ़त के साथ बार-बार नए सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच चुका है। सिर्फ 2025 में कम से कम 15 रिकॉर्ड टूटे हैं। इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि सोना कितने जोश में है। जानकार का कहना है कि सोने में हाल के महीनों में उछाल के पीछे केंद्रीय बैंकों की मजबूत खरीद और मौजूदा भू-राजनीतिक और व्यापक आर्थिक अनिश्चितताओं के बीच सुरक्षित-आश्रय परिसंपत्तियों के लिए निवेशकों की बढ़ती मांग के चलते उछाल आया है।
देश के प्रमुख शहरों में हाजिर भाव आज
goodreturns की खबर के मुताबिक, दिल्ली में 28 मार्च को सोने की कीमत 24 कैरेट सोने के लिए ₹9,113 प्रति ग्राम, 22 कैरेट सोने के लिए ₹8,355 प्रति ग्राम और 18 कैरेट सोने के लिए ₹6,836 प्रति ग्राम है। मुंबई में आज सोने की कीमत 24 कैरेट सोने के लिए ₹9,098 प्रति ग्राम, 22 कैरेट सोने के लिए ₹8,340 प्रति ग्राम और 18 कैरेट सोने के लिए ₹6,824 प्रति ग्राम है।
कोलकाता में भी आज सोने का हाजिर भाव मुंबई के समान चल रहा है। इसके अलावा, चेन्नई में आज सोने की कीमत 24 कैरेट सोने के लिए ₹9,098 प्रति ग्राम, 22 कैरेट सोने के लिए ₹8,340 प्रति ग्राम और 18 कैरेट सोने के लिए ₹6,885 प्रति ग्राम है।
