Haryana Exit Poll Results Live Updates Hr Assembly Election Vidhan Sabha Chunav 2024 Results Prediction – Amar Ujala Hindi News Live
04:30 PM, 05-Oct-2024
एग्जिट पोल कौन जारी करता है?
सर्वे एजेंसी या न्यूज चैनल एग्जिट पोल कराते हैं। एग्जिट पोल मतदान के तुरंत बाद कराया जाता है, जिसमें केवल मतदाताओं को ही शामिल किया जाता है। एग्जिट पोल में वही लोग शामिल होते हैं, जो मतदान कर बाहर निकलते हैं। एग्जिट पोल निर्णायक दौर में होता है। इससे पता चलता है कि लोगों ने किस पार्टी पर भरोसा जताया है।
04:21 PM, 05-Oct-2024
क्या होता है एग्जिट पोल?
एग्जिट पोल एक तरह का चुनावी सर्वे होता है। मतदान वाले दिन जब मतदाता वोट देकर पोलिंग बूथ से बाहर निकलता है तो वहां अलग-अलग सर्वे एजेंसी और समाचार चैनल के प्रतिनिधि मौजूद होते हैं। वह मतदाता से मतदान को लेकर सवाल पूछते हैं। इसमें उनसे पूछा जाता है कि उन्होंने किसको वोट दिया है? इस तरह से हर विधानसभा या लोकसभा के अलग-अलग पोलिंग बूथ से मतदाताओं से सवाल पूछा जाता है। मतदान खत्म होने तक बड़ी संख्या में आंकड़े एकत्र हो जाते हैं। इन आंकड़ों को जुटाकर और उनके उत्तर के हिसाब से अंदाजा लगाया जाता है कि पब्लिक का मूड किस ओर है? मैथमेटिकल मॉडल के आधार पर ये निकाला जाता है कि कौन सी पार्टी को कितनी सीटें मिल सकती हैं? इसका प्रसारण मतदान खत्म होने के बाद ही किया जाता है।
04:12 PM, 05-Oct-2024
ऐसा रहा था 2019 में हरियाणा चुनाव में परिणाम
हरियाणा विधानसभा चुनाव 2019 में किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला था। बीजेपी 90 में से 40 सीट जीतने में कामयाब रही थी पर बहुमत से छह सीट दूर रह गई थी। कांग्रेस 31 सीट जीतकर विपक्ष में रही। वहीं जननायक जनता पार्टी 10 सीट जीतने में कामयाब रही और किंग मेकर की भूमिका भी अदा की थी। निर्दलीय उम्मीदवारों ने सात सीट जीतीं। बीजेपी ने जननायक जनता पार्टी के साथ गठबंधन कर सरकार बनाई। जेजेपी के सपोर्ट से राज्य में फिर भाजपा की सरकार बनी थी। जिसमें मनोहर लाल मुख्यमंत्री बने और जेजेपी के नेता दुष्यंत चौटाला उपमुख्यमंत्री बने थे।
04:03 PM, 05-Oct-2024
चुनाव आयोग ने लगा रखी है रोक
चुनाव आयोग ने 5 अक्तूबर को शाम 6:30 बजे तक प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया या किसी अन्य तरीके से प्रसार के माध्यम से एग्जिट पोल के किसी भी प्रकाशन पर प्रतिबंध लगा रखा है। यानी, शनिवार 5 अक्तूबर की शाम 6.30 बजे बाद ही एग्जिट पोल सामने आएंगे। तमाम सर्वे एजेंसियां इस बात का अनुमान जातएंगी की हरियाणा और जम्मू कश्मीर में किस पार्टी की सरकार बन सकती है? किस पार्टी को कितनी सीटें मिल सकती हैं?
03:43 PM, 05-Oct-2024
Haryana Exit Poll 2024 Live: हरियाणा में खिलेगा ‘कमल’ या आएगा ‘पंजा’? एग्जिट पोल आज देंगे संकेत
हरियाणा में 90 विधानसभा चुनाव के लिए हो रहे मतदान शाम तक समाप्त हो जाएंगे। इस बीच सभी को इंतजार है आज आने वाले एग्जिट पोल के नतीजों का। हालांकि परिणाण 8 अक्टूबर को आएंगे और तभी साफ हो पाएगा कि प्रदेश में किसकी चौधराहट कायम होगी। लेकिन इससे पहले एग्जिट पोल के जरिए संभावित स्थिति का अंदाजा लगाया जाएगा। सभी राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस बार हरियाणा में सीधा मुकाबला सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी और विपक्षी कांग्रेस के बीच है। शाम को आने वाले सभी एग्जिट पोल के ताजा अपडेट आपको यहां मिलेंगे।

Comments are closed.