Haryana: Nilgai Hunted Near Village Dadupur, Two Accused Arrested, Two Absconding – Amar Ujala Hindi News Live

नीलगाय को दफन करने के दौरान उपस्थित पुलिसकर्मी व ग्रामीण।
– फोटो : संवाद
विस्तार
हरियाणा के फतेहाबाद के रतिया क्षेत्र के गांव दादूपुर में माइनर के पास नीलगाय का शिकार कर उसके टुकड़े किए जाने का मामला सामने आया है। इससे बिश्नोई समाज में भी भारी रोष है। नीलगाय का शिकार करने वाले दो आरोपियों को वन्य जीव प्रेमियों ने मौके पर काबू कर लिया जबकि दो आरोपी फरार हो गए।
मौके से पकड़े गए आरोपियों की पहचान गांव हुकमावाली निवासी महावीर व मंगतराम के तौर पर हुई है। वन्य जीव प्रेमी गांव हड़ौली निवासी विक्रम की शिकायत पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ आर्म्स एक्ट व वन्य जीव रक्षा अधिनियम की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
दो आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से दोनों को दो दिन के रिमांड पर पुलिस को सौंप दिया गया है। रिमांड के दौरान अन्य आरोपियों की पहचान की जाएगी। वहीं, पुलिस ने नीलगाय के शव का पोस्टमार्टम करवाया। इसके बाद वन्य जीव प्रेमियों ने विधिवत रूप से दफन किया।
पुलिस को दी गई शिकायत में वन्य जीव प्रेमी विक्रम ने बताया कि वह बुधवार शाम को करीब 7.30 बजे गांव दादूपुर की तरफ गया हुआ था। वहां माइनर के पास उसने दो युवकों को खून से सने कपड़ों के साथ देखा। बाद में जब करीब जाकर देखा तो युवकों के पास टोपीदार बंदूक और कुछ तेजधार हथियार दिखे और कुछ कट्टों में नीलगाय के टुकड़े भरे हुए थे।
नीलगाय का शिकार करने की आशंका के चलते उसने अन्य वन्य जीव प्रेमी साथी प्रवीन, शिव व अनिल को मौके पर बुला लिया। इसके बाद दो आरोपियों को काबू कर लिया गया जबकि दो युवक मौके से फरार हो गए। इसके बाद विक्रम ने सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर टोपीदार बंदूक व तेजधार हथियार सहित नीलगाय के शव के टुकड़े कब्जे में ले लिए।
जीव प्रेमी की शिकायत के आधार पर चार आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया गया है। इनमें से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। जहां से उनको दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। अन्य आरोपियों की जानकारी सहित विस्तृत पूछताछ की जाएगी। – ओमप्रकाश, प्रभारी, सदर थाना रतिया

Comments are closed.