Haryana: Rice Millers Announced To End The Strike, Procurement Will Start From Today – Amar Ujala Hindi News Live

अनाज मंडी में ट्राली से धान की फसल उतारते मजदूर।
– फोटो : संवाद (फाइल)
विस्तार
हरियाणा के राइस मिलरों की हड़ताल के कारण कई दिनों से धान की खरीद नहीं हो पा रही थी और मंडियों में अनाज के ढेर लगे थे। जिससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बुधवार को राइस मिलरों ने हड़ताल खत्म करने का एलान कर दिया है। वीरवार से धान की खरीद सुचारु रूप से चलने की उम्मीद है। हरियाणा शैलर एसोसिएशन के राज्य प्रधान हंसराज सिंगला ने बताया कि एसोसिएशन ने किसानों की परेशानी को देखते हुए हड़ताल खत्म कर दी है। अब खरीद सुचारू रूप से जारी रहेगी है।
एक अन्य एसोसिएशन हरियाणा मिलर्स एंड डीलर्स एसोसिएशन के राज्य प्रधान अमरजीत छाबड़ा ने बताया कि उन्होंने बैठक में ही हड़ताल खत्म करने की बात रखी थी, लेकिन अन्य कुछ यूनियन इस बात पर राजी नहीं थी मगर मंडियों में धान की आवक तेज होने के बाद उठान की समस्या हो रही थी। इसके बाद पूरे प्रदेश में राइस मिलरों को हड़ताल खत्म करने की सूचना दे दी थी।
जिला करनाल के राइस मिलर एसोसिएशन के प्रधान राज कुमार गुप्ता ने बताया कि बुधवार को राइस मिलर्स के साथ बैठक की गई थी। इसमें तय किया गया कि अब नई सरकार बन गई है, मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का भरोसा भी मिला है, किसान भी परेशान हैं, इसलिए जिले के राइस मिलर्स अब धान की खरीद करेंगे।
राइस मिलरों की ओर से हड़ताल खत्म करने की सूचना तो बाद में दी गई इससे पहले धान खरीद न होने से गुस्साए किसानों ने बुधवार को कैथल के कलायत की अनाज मंडी में भारतीय किसान यूनियन के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने मंडी गेट पर ताला लगा दिया।
इसके अलावा कुरुक्षेत्र में वीआईपी रोड और इस्माईलाबाद में भी किसानों ने हिसार-चंडीगढ़ हाईवे पर जाम लगा दिया। किसानों का कहना था कि वह कई दिनों से धान की खरीद न होने के कारण परेशान हैं। करनाल के इंद्री और घरौंडा में भी किसानों ने मंडी में प्रदर्शन किया। अंबाला, यमुनानगर और पानीपत में धान खरीद कुछ दिनों से जारी है।

Comments are closed.