Haryana Weather: Orange Alert For Rain In 12 Districts On June 29-30 And Yellow Alert In 10 Districts – Amar Ujala Hindi News Live

भिवानी में बारिश के दौरान दौड़ लगाते युवा।
– फोटो : संवाद
विस्तार
हरियाणा में 28 जून को मानसून के प्रवेश करने की पूरी संभावना हैं। भारतीय मौसम विभाग ने 29 व 30 जून को प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी के साथ 12 जिलों के लिए ऑरेंज व 10 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि विभाग ने 28 जून को भी कुछ जिलों में भारी बारिश की आशंका (येलो अलर्ट) जताई है।
उधर, प्रदेश में प्री मानसून की गतिविधियां बुधवार को भी जारी रहीं। इस दौरान कई जिलों में बूंदाबांदी से लेकर मध्यम बारिश दर्ज की गई। प्री मानसून की गतिविधियों के कारण दिन के तापमान में 5 डिग्री तक की गिरावट आई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि वर्तमान में एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ, बंगाल की खाड़ी से पुरवाई और अरब सागर से दक्षिणी पश्चिमी हवाओं ने लोगों को भीषण गर्मी व लू पर लगाम लगा दी है। मानसून की दोनों शाखाओं बंगाल की खाड़ी व अरब सागर से नमी हवाओं के टकराव से प्रदेश में बादलों का निर्माण हो रहा है, जिससे प्री मानसून की गतिविधियां हो रही हैं।
इसी के असर से बुधवार को प्रदेश के गुरुग्राम, महेंद्रगढ़, चरखी दादरी, भिवानी, रेवाड़ी, झज्जर, हिसार, रोहतक, फरीदाबाद, अंबाला, जींद व पानीपत जिले में बारिश हुईं। इससे प्रदेश के अधिकतर स्थानों पर दिन व रात के तापमान में गिरावट आई। लगातार नमीं वाली हवाएं चलने से जहां अभी प्री मानसून गतिविधियां नहीं हुई, वहां आमजन को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। इस दौरान प्रदेश में रात्रि तापमान 24.0 से 31.0 डिग्री और दिन का तापमान 34 से 39 डिग्री के बीच दर्ज किया गया है।
आगे ऐसा रहेगा मौसम
प्री मानसून की गतिविधियों के कारण प्रदेश में धीरे-धीरे मानसून आगमन का रास्ता साफ हो रहा है। हरियाणा एनसीआर दिल्ली में मानसून 28 जून को पहुंच जाएगा और 1 से 2 जूलाई तक पूरे प्रदेश में फैल जाएगा। इसे लेकर भारतीय मौसम विभाग ने सम्पूर्ण इलाके पर ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के उत्तरी भागों में दक्षिणी पश्चिमी मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल है। हरियाणा, चंडीगढ़ व दिल्ली में 29 व 30 जून को कुछ स्थानों पर भारी (64.5-115.5 मिलीमीटर) से लेकर बहुत भारी(115.5-204.4 मिलीमीटर) बारिश होने की संभावना है।
इतनी हुई बारिश
- अंबाला-0.4 एमएम
- हिसार-0.8 एमएम
- फरीदाबाद-10.0 एमएम
- गुरुग्राम-7.5 एमएम
- जींद-16.0 एमएम
- पानीपत-0.5 एमएम
- रेवाड़ी-34.5 एमएम
नोट -बारिश का यह आंकड़ा सुबह साढ़े 8 बजे से शाम साढ़े 5 बजे तक का है।

Comments are closed.