
एसपी से मिलने गई ठगी का शिकार हुई महिलाएं।
– फोटो : संवाद
विस्तार
हरियाणा के जींद की विश्वकर्मा कॉलोनी में महिलाओं के नाम अलग-अलग बैंकों से लगभग दो करोड़ रुपये का लोन लेकर एक महिला फरार हो गई। जब इसकी जानकारी महिलाओं को लगी तो वह उसके घर पर पहुंची, लेकिन महिला अपने परिवार के साथ मकान को बेचकर कहीं चली गई। जिसकी जानकारी किसी को नहीं लगी। काॅलोनी की महिलाओं ने बुधवार को एसपी (पुलिस अधीक्षक) सुमित कुमार को शिकायत देकर उनकी राशि वापस दिलवाने व आरोपी महिला के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
Trending Videos
एसपी कार्यालय में पहुंचीं सोनू, मीना, नीता, अनीता, पूजा, कमलेश, माया, रेनू, जन्नत व रानी देवी ने कहा कि उनकी कॉलोनी में सबाना नाम की एक महिला रहती थी। जिन्होंने उनके आधार कार्ड, फैमिली आईडी व कुछ अन्य दस्तावेज लेकर उनके लोन करवाए थे। पहली बार लगभग ढाई वर्ष पहले उनके लोन हुए थे।
उन्होंने उस लोन को चुकता भी कर दिया। इसके बाद सबाना ने उनको कभी बैंक में बुलाकर तो कभी उनके घर पर आकर दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवा लिए। महिला ने काॅलोनी की 250 महिलाओं के नाम से लगभग दो करोड़ रुपये का अलग-अलग लोन लेकर खुद हड़प गई और मकान बेचकर फरार हो गई।
जब बैंक कर्मियों ने उपभोक्ताओं से लोन की किस्त के लिए दबाव बनाया तो इस घटना के बारे में पता चला। महिलाओं ने बताया कि अब आरोपी महिला का फोन नंबर भी बंद आ रहा है।
बैंक कर्मियों पर भी लगाए आरोप
महिलाओं ने बैंक के कर्मचारियों पर आरोप लगाए कि अगर कोई महिला खुद लोन के लिए जाती थी तो बैंक के कर्मचारी किसी को लोन नहीं देते थे। कर्मचारी महिला सबाना को लेकर आने की बात कहते। इसके बाद ही लोन दिया जाता था। किसी भी महिला को सबाना के आने के बाद भी लोन की राशि बैंक कर्मियों ने नहीं दी। महिलाओं ने आरोप लगाया कि उनके केवल हस्ताक्षर करवाए जाते थे, कुछ के हस्ताक्षर आरोपी महिला खुद भी कर लेती थी। सभी महिलाओं के पास हुए लोन के रुपये बैंक कर्मी आरोपी महिला को ही देते थे।
कोई महिला दबाव बनाती तो कुछ रुपये देकर करती थी गुमराह
लगभग दो वर्ष से आरोपी महिला का यह खेल चल रहा था। शुरूआत में महिलाओं को राशि दिलवाई जाने लगी थी। इस दौरान आरोपी महिला खुद किस्त भरने व लोन की राशि को बढ़वाने का झांसा देकर महिलाओं से लोन के रुपये लेती थी। अगर कोई महिला ज्यादा दबाव बनाती तो उसको कुछ रुपये देकर गुमराह करती थी और उसका लोन बढ़वाने के लिए दस्तावेजों में उलझाकर रखती थी।
आरोपी महिला पर जल्द होगी कार्रवाई : एसपी
एसपी सुमित कुमार ने महिलाओं को आश्वासन दिया कि वह जल्द ही आरोपी महिला को काबू करेंगे। इसके बाद मामले में पूछताछ की जाएगी। पीडि़त महिलाओं की किसी भी स्तर पर अनदेखी नहीं की जाएगी।

Comments are closed.