Hathras Accident: The World Is Saddened By The Pain Of Hathras… Described As Extremely Painful. – Amar Ujala Hindi News Live

अपनों की तलाश…
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
हाथरस भगदड़ पर देश-विदेश से शोक संवेदनाओं का तांता लगा है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, जर्मनी के राजदूत फिलिप एकरमैन, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती समेत कई लोगों ने घटना पर शोक जताया है।
एकरमैन ने सोशल मीडिया पर लिखा, हाथरस की दुर्भाग्यपूर्ण घटना से गहरा दुख पहुंचा है। घटना में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। गृहमंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया पर लिखा, हाथरस में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बारे में जानकार मन अत्यंत व्यथित है। शाह ने बताया, घटना के बारे में सीएम योगी से बात कर जानकारी ली और उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, घटना अत्यंत पीड़ादायक है। शोकाकुल परिवारजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं। बीजू जनता दल के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने भी घटना पर दुख जताया। फ्रांस के राजदूत थिएरी मथौ ने कहा, फ्रांस शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता है। ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त फिलिप ग्रीन ने लिखा, घटना से प्रभावित लोगों के प्रति मेरी संवेदना है।
राहुल-प्रियंका ने किया मदद का आह्वान
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल और प्रियंका गांधी ने कहा, सरकार और प्रशासन से अनुरोध है कि पीड़ितों को इलाज और राहत पहुंचाएं।
इन्होंने भी जताया शोक
इस्राइल के राजदूत नाओर गिलोन ने हाथरस हादसे पर शोक जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। चीनी राजदूत जू फेइहोंग ने कहा, घटना से स्तब्ध और दुखी हूं। ब्रिटिश उच्चायुक्त लिंडी कैमरन ने लिखा, हादसे से स्तब्ध हूं।

Comments are closed.