Himachal Assembly Byelection: Cm Sukhvindra Sukhu Wants To Win The Election Battle With The Help Of Jaggi In D – Amar Ujala Hindi News Live

देवेंद्र सिंह जग्गी
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
हिमाचल प्रदेश की छह विधानसभा सीटों के उपचुनाव में धर्मशाला हॉट सीट बन गई है। लंबी जद्दोजहद के बाद कांग्रेस ने यहां से भाजपा प्रत्याशी सुधीर शर्मा के खिलाफ देवेंद्र सिंह जग्गी को चुनाव मैदान में उतारा है। जग्गी को टिकट देेने के पीछे कारण यह है कि कांग्रेस कार्यकर्ता यह चाह रहे थे कि सुधीर के मुकाबले पार्टी यहां से स्थानीय उम्मीदवार को ही चुनाव में खड़ा करे। दूसरा कारण यह है कि जग्गी मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के करीबी हैं और संगठन से निकले हैं। संगठन में रहते हुए उनके कार्य को देखते हुए उन्हें टिकट दी गई है। सुधीर शर्मा इन दिनों मुख्यमंत्री की आंखों में इसलिए ज्यादा खटक रहे हैं कि कांग्रेस में रहते हुए बगावत का बिगुल सुधीर ने ही पहले फूंका। सूत्रों के मुताबिक जग्गी को चुनाव लड़वाने के लिए कांग्रेस में सत्ता और संगठन एक साथ जुटेगा।
धर्मशाला नगर निगम में मेयर के पद पर रहे जग्गी वर्तमान में प्रदेश कांग्रेस महासचिव हैं और शहर की नब्ज पर बारीकी से नजर रखते हैं। इनके अलावा अन्य प्रत्याशियों के नाम पर भी मंथन चला। चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों ने दिल्ली दरबार तक हाजिरी लगाई, लेकिन अंत में जग्गी के नाम पर सहमति बनी। जग्गी पिछले एक माह से चुनाव प्रचार में सक्रिय थे। ऐसा माना जा रहा है कि उन्हें टिकट को लेकर पहले से इशारा हो चुका था। पिछले विधानसभा चुनाव में सुधीर शर्मा के खिलाफ भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़े राकेश चौधरी भी इस बार कांग्रेस से टिकट चाह रहे थे। सियासी हलकों में उनकी सक्रियता इस बात को प्रमाणित कर रही थी। पिछले दिनों मुख्यमंत्री सुक्खू के धर्मशाला आगमन पर उन्होंने दलबल के साथ सीएम का स्वागत किया था। सीएम से नजदीकी का चौधरी का कारण सुधीर की भाजपा से नजदीकियां थीं। चौधरी नहीं चाहते थे कि भाजपा उपचुनाव में सुधीर को उम्मीदवार बनाए।

Comments are closed.