Kejriwal’s Resignation Announcement An Election Stunt: Grewal – Punjab News – केजरीवाल का त्यागपत्र का एलान चुनावी स्टंट, ग्रेवाल बोले

अरविंद केजरीवाल
– फोटो : X/AAP
विस्तार
चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी पंजाब के वरिष्ठ नेता हरजीत सिंह ग्रेवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल का सीएम पद छोड़ने का एलान सिर्फ चुनावी स्टंट है। वे सुर्खियां बटोरने के लिए यह कर रहे हैं। अपनी गिरफ्तारी के साथ ही उन्हें मुख्यमंत्री पद से त्यागपत्र दे देना चाहिए, लेकिन अब जब सुप्रीम कोर्ट ने केजरीवाल को जमानत देने के दौरान मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी निभाने से रोक दिया है तो वह नौटंकी करके अब त्यागपत्र की घोषणा कर रहे हैं। केजरीवाल को अभी क्लीन चिट नहीं मिली हैं, जमानत पर बाहर आने से ही आम आदमी पार्टी जश्न मनाने लगी है। ग्रेवाल रविवार को पार्टी कार्यालय में प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे।
ग्रेवाल ने ऑपरेशन ब्लू स्टार पर कांग्रेस के नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी का बयान को हास्यास्पद और भ्रामक बताया और कहा कि कांग्रेस पार्टी ने कभी भी देश और सिखों से माफी नहीं मांगी। विपक्ष के नेता राहुल गांधी कांग्रेस पार्टी की ओर से सिखों पर किए गए अत्याचारों पर पर्दा डालने की असफल कोशिश कर रहे हैं और विदेश में जाकर गलत तस्वीर पेश कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी के नेताओं को झूठ बोलना और सिखों की भावनाओं से खेलना बंद करना चाहिए।
ग्रेवाल ने कहा कि ऑपरेशन ब्लू स्टार से भाजपा का कोई लेना-देना नहीं है। भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने अपनी पुस्तक में विस्तार से बताया है कि कैसे कांग्रेस ने सत्ता की लालसा में पंजाब की गैर-कांग्रेसी सरकार को बार-बार तोड़ा, लेकिन पंजाब की जनता उन्हें नकारती रही।
शिअद के टूटने से पंजाब को नुकसान
ग्रेवाल ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल के टूटने से पंजाब को नुकसान है। अकाली दल के नेता देशभगत रहे हैं। अगर उनके नेता खड़े न होने तो आज पंजाब भी पाकिस्तान का हिस्सा होता, लेकिन वह खुद अपना घर नहीं संभाल पा रहे हैं। भाजपा का इसमें कोई रोल नहीं है, बल्कि खुद उनको पार्टी चलानी नहीं आ रही है।

Comments are closed.