Landlord Evicts Pregnant Woman And Her Children From House For Not Paying Rent – Amar Ujala Hindi News Live

आपबीती सुनाती महिला।
– फोटो : संवाद
विस्तार
पंजाब में इंसानीयत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। पंजाब के अबोहर में एक आठ महीने की गर्भवती महिला को आधी रात घर छोड़ना पड़ा। महिला को उसके छोटे-छोटे दो बच्चों के साथ बेघर कर दिया गया। दरअसर महिला घर का किराया नहीं दे पाई तो मकान मालिक ने उसे और उसके बच्चों को घर से निकाल दिया। अकेली महिला बच्चों को लेकर कहां जाती। क्योंकि उसके पास कोई साधन नहीं था। महिला सड़कों पर भटकती रही। इसके बाद उसकी मदद के लिए एक संस्था आगे आई।
अबोहर में मंगलवार आधी रात गर्भवती महिला मासूम बच्चों के साथ सड़क पर भटकती रही। आसपास के लोगों की नजर जब उस पर पड़ी तो उसकी मदद की। लोगों ने महिला को संभाला और संस्था के माध्यम से अस्पताल में भर्ती करवाया। सड़क पर लावारिस हालत में बैठी मीना पत्नी गणेश ने बताया कि वे मूलरूप से यूपी की रहने वाली है और उसका पति अबोहर में हलवाई का काम करता है। उसके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं और अब वह आठ माह की गर्भवती है।
करीब एक महीना पहले उसका पति अबोहर से यूपी में किसी काम पर जाने की बात कहकर गया था, लेकिन अभी तक वापिस नहीं लौटा। इधर, देर रात मकान मालिक ने किराया न देने पर उसे घर से सामान और बच्चों सहित घर से बाहर निकाल दिया।
इसके बाद महिला के पास कोई और विकल्प नहीं था। महिला महाराणा प्रताप मार्केट में बच्चों संग आकर बैठ गई, राहगीरों ने उसे छोटे छोटे बच्चों संग भटकता देख इसकी सूचना 112 हेल्पलाइन व 108 एम्बुलेंस को दी। सूचना मिलने पर एएसआई पप्पूराम, नर सेवा नारायण सेवा समिति से बिटटू नरूला व अन्य लोग पहुंचे और महिला से उसकी परेशानी का कारण जाना। महिला ने आपबीती बताई, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती किया गया और बच्चों को संस्था ने संभाला।

Comments are closed.