Light Rain Warning In Himachal Today And Heavy Rain For Three Days From Tomorrow Hill Collapsed In Sainj – Amar Ujala Hindi News Live
हिमाचल प्रदेश में बारिश और भूस्खलन से नुकसान का दौर जारी है। शुक्रवार को कुल्लू के सैंज में पहाड़ी दरकने से 14 परिवारों के 60 लोगों को घर छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा है। दोपहर में सैंज घाटी की देहुरीधार पंचायत के दरमेढा गांव के पीछे की पहाड़ी से भूस्खलन हुआ। भारी भरकम चट्टानें, पत्थर और मलबा गिरने से गांव के लोग जान बचाकर सुरक्षित जगह की तरफ भागे। शाम तक रुक-रुक भूस्खलन का क्रम जारी रहा। सभी लोगों ने अपने-अपने रिश्तेदारों और परिचितों के घरों में शरण ली है। उधर, प्रशासन ने सभी ग्रामीणों को रोपा स्थित रेस्टहाउस में ठहराने का बंदोबस्त किया है। शनिवार को लोग रेस्ट हाउस में शिफ्ट होंगे।

शुक्रवार दोपहर राजधानी शिमला और मंडी में कुछ देर के लिए बादल झमाझम बरसे। चंबा के चुराह में नकरोड़-चांजू मार्ग पर पहाड़ी दरकने से कई पंचायतों का संपर्क कट गया है। लाहौल-स्पीति के कोकसर में लुंफू नाले के पास पहाड़ी से चट्टानें गिरने से 27 भेड़ों की मौत हो गई। प्रदेश में शनिवार को हल्की और रविवार से तीन दिन भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। प्रदेश में मनाली-कोटली एनएच सहित 222 सड़कें, 36 बिजली ट्रांसफार्मर और 152 जल आपूर्ति योजनाएं अभी ठप हैं।

Comments are closed.